Looks like you've blocked notifications!

UP:कांग्रेस को जिताएगा ब्राह्मण समाज!

राज्य में खुद को ख़डा करने के लिए 2017 का विधानसभा चुनाव उसके लिए ब़डा मौका है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने जिस तरह लखनऊ में रैली स्थल पर रैम्पवाक करते हुए 50 कार्यकर्ताओं के सवालों और आशंकाओं का जवाब दिया, पार्टी में यह नई कार्य संस्कृति विकसित करने का साफ संकेत है। सवाल भले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से पूछे गए हों, लेकिन इसमें प्रदेश के आम लोगों की आशंका और उम्मीद झलकती दिखी। अब यह लगने लगा है कि पार्टी और संगठन में गणेश परिक्रमा कर अपनी कुर्सी बचाने वाले नेताओं के लिए बुरे दिन की शुरूआत होने वाली है। हालांकि, इससे कांग्रेस दो ध्रुवों में विभाजित होती दिखती है। एक राहुल गांधी की युवा बिग्रेड और दूसरी उनकी मां यानी स्वामी भक्तों की फौजवाली बूढी कांग्रेस। दोनों के मध्य हितों के टकराव से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन मां और बेटा मिलकर इसमें कैसे सामंजस्य बनाते हैं, यह उनकी जिम्मेदारी है। राहुल गांधी की पहली पसंद युवा हैं और उन्होंने साफ संकेत भी दे दिया है कि संगठन में वातानुकूलित संस्कृति नहीं चलेगी। जिनके जूते गंदे होंगे और कुर्ते फटेंगे, उन्हीं को तरजीह दी जाएगी। कांग्रेस के लिए यह अच्छा मौका है। वह 27 साल के वनवास से एक मजबूत स्थिति में वापसी कर सकती है। राज्य की राजनीतिक स्थितियां भले ही बदल गई हों, लेकिन अगडों की राजनीतिक तासीर आज भी कांग्रेस है।
Share this article