Looks like you've blocked notifications!

UP:कांग्रेस को जिताएगा ब्राह्मण समाज!

नब्बे के दशक के बाद राज्य से कांग्रेस के गायब होने के बाद एक भी ब्राह्मण मुख्यमंत्री प्रदेश की सत्ता की कमान नहीं संभाल पाया है। पंडित नारायणदत्त तिवारी प्रदेश में कांग्रेस के अंतिम मुख्यमंत्री साबित हुए। इसके बाद कांग्रेस राज्य में उभर नहीं पाई। हालांकि, शीला फॉर्मूले से बहुत अधिक उम्मीद पालना बेमानी होगी, क्योंकि कांग्रेस का मूल वोटर रहा दलित, ब्राह्मण और मुस्लिम समुदाय उसकी झोली से निकल चुका है। इन समुदायों ने अब भाजपा, सपा और बसपा का दामन थाम लिया है। अगडी जातियां भाजपा के साथ लामबंद दिखती हैं, जबकि दलित बसपा और मुस्लिम व पिछडी जाति के वोटर सपा के साथ चले गए।कांग्रेस की शीला दीक्षित को उत्तर प्रदेश लाने की रणनीति से विरोधी दलों में सियासी हलचल जरूर शुरू हो गई है, क्योंकि राज्य में जय और पराजय के मतों का जो अंतर रहा है, वह बहुत अधिक नहीं रहा है। सिर्फ तीन से चार फीसदी वोटों के खिसकने से सत्ता फिसलती दिखती है। वर्ष 2002 से 2012 के आम चुनावों में यही स्थिति देखी गई। 2007 में बसपा को तकरीबन 29 फीसदी वोट मिले तो वहीं सपा को 26 फीसदी। जबकि 2012 में समाजवादी सरकार बसपा को पराजित कर दोबारा जब सत्ता में आई तो उसे लगभग 29 फीसदी वोट हासिल हुए, जबकि बसपा को 26 फीसदी और भाजपा को 15 फीसदी वोट मिले। इससे यह साबित होता है कि अगर अगडी जातियों से कांग्रेस सिर्फ पांच फीसदी वोट खींचने में कामयाब होती है तो वह सपा और बसपा जैसे दलों के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है।
Share this article