बेंगलुरू। मैट रेनशॉ (60) और शॉन मार्श (66) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को स्टम्प्स तक छह विकेट खोकर 237 रन बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 48 रनों की बढ़त ले ली है। मैथ्यू वेड (25) और मिशेल स्टार्क (14) नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया ने पहले सत्र में दो, दूसरे सत्र में तीन और तीसरे सत्र में एक विकेट खोया। तीसरे सत्र में मार्श ने वेड के साथ छठे विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी कर टीम का स्कोर 220 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर उमेश यादव ने उन्हें करुण नायर के हाथों कैच करा पवेलियन भेजा। मार्श ने 197 गेंदों में चार चौके लगाए। इसके बाद वेड और स्टार्क ने कोई और विकेट न गंवाते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक टीम का स्कोर 237 तक पहुंचाया। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने भोजनकाल तक दो विकेट खोकर 80 रन बनाए थे। दिन के दूसरे सत्र में टीम की पारी को आगे बढ़ाने उतरे रेनशॉ और शॉन ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोडक़र स्कोर 134 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर रवींद्र जडेजा ने रिद्धिमान साहा के हाथों रेनशॉ को कैच आउट कर पवेलियन भेजा।