Looks like you've blocked notifications!

मनमोहन के बयान पर घिरी कांग्रेस, BJP ने 370 पर झूठ बोलने का लगाया आरोप

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के मसले पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ताजा बयान पर कांग्रेस घिर गई है। भाजपा ने मनमोहन सिंह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। दरअसल, गुरुवार को मुंबई में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान 370 पर कांग्रेस का आधिकारिक स्टैंड पूछे जाने पर मनमोहन सिंह ने कहा था, जब आर्टिकल 370 पर बात हुई, जब यह बिल पार्लियामेंट में आया तो कांग्रेस ने इसके हक में वोट दिया, विरोध नहीं किया। विरोध सिर्फ बिल लाने के तौर-तरीकों पर था। अनुच्छेद 370 हटाए जाने को लेकर संसद में कांग्रेस की तरफ से तीखी बहस करने वाले वरिष्ठ नेता और आनंदपुर साहिब सांसद मनीष तिवारी पूर्व में कांग्रेस का इस मुद्दे पर आधिकारिक स्टैंड स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने बीती सात अगस्त को एक टीवी चैनल को बताया था कि कांग्रेस ने दोनों सदनों में अनुच्छेद 370 हटाने के संकल्प और जम्मू-कश्मीर को दो केन्द्रशासित प्रदेशों में बंटवारे के बिल के खिलाफ वोट दिया था। मनीष तिवारी ने तब कहा था कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी बाकायदा इसको लेकर लिखित में प्रस्ताव पास कर पार्टी का आधिकारिक स्टैंड साफ कर चुकी है।
Share this article