Looks like you've blocked notifications!

नौसेना की स्कॉर्पियन पनडुब्बी का टॉप सीक्रेट डाटा लीक, मची खलबली

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के लिए तैयार की गई स्कॉर्पियन-क्लास पनडुब्बी की युद्धक क्षमता से जुड़ी गुप्त जानकारी लीक गई है। फ्रांसीसी रक्षा सौदों के कॉन्ट्रेक्टर डीसीएनएस द्वारा डिजाइन की गई और भारत के मझगांव डॉक पर बनाई जा रही इस पनडुब्बी से जुड़े लीक की जानकारी एक ऑस्ट्रेलियाई दैनिक ने बुधवार को दी। पनडुब्बी से जुड़े 22 हजार से ज्यादा पेज का दस्तावेज सामने आने से नौसेना में खलबली मची हुई है।भारत की संवेदनशील स्कॉर्पियन पनडुब्बी की लड़ाकू क्षमताओं से जुड़े दस्तावेजों के लीक होने की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द ऑस्ट्रेलियन’ ने दी है। अखबार के मुताबिक उसे पनडुब्बी से जुड़ी गोपनीय जानकारी वाले लीक हो चुके 22,400 पेज, जिन पर ‘रेस्ट्रिक्टिड स्कॉर्पियन इंडिया’ लिखा हुआ है, पढऩे का मौका मिला है। ये पृष्ठ दरअसल पनडुब्बी के संचालन के लिए बनाए गए पूर्ण दस्तावेज (ऑपरेटिंग मैनुअल) का हिस्सा हैं। इसमें हथियारों के डिटेल, क्रू मेंबर्स और पनडुब्बी के रास्ते जैसी जानकारियां हैं। 3.5 अरब डॉलर के इस सौदे के तहत फ्रांस के सहयोग से बनने वाली कुल छह पनडुब्बियों में से पहली आईएनएस कलवरी इस समय मुंबई के मझगांव बंदरगाह में बनाई जा रही हैं। इन पनडुब्बियों को अपनी तरह की पनडुब्बियों में सबसे आधुनिक माना जाता है। ये पानी के भीतर इतनी कम आवाज करती हैं कि इनकी भनक लगना नामुमकिन न सही, बेहद मुश्किल जरूर होता है।दैनिक के मुताबिक, लीक हुए दस्तावेजों में नई सबमरीन फ्लीट के युद्धक क्षमता के बारे में जानकारी मौजूद है। इसके अलावा हजारों पृष्ठों में पनडुब्बी के सेंसरों के बारे में और कुछ हजार पृष्ठों में इसके संचार तथा नेवीगेशन सिस्टमों के बारे में विस्तार से बताया गया है। लगभग 500 पृष्ठों में सिर्फ टॉरपीडो लॉन्च सिस्टम के बारे में जानकारी दी गई है।
Share this article