नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ (आईकेएफ) के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत ने बुधवार को युवा मामले एवं खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल की मौजूदगी में कबड्डी विश्व कप-2016 के लोगो का अनावरण किया। साथ ही अगले महीने भारत की मेजबानी में होने वाले कबड्डी विश्व कप-2016 के कार्यक्रम की घोषणा भी की गई।
उल्लेखनीय है कि लगातार आठवीं बार कबड्डी विश्व कप की मेजबानी कर रहे भारत के अलावा अमेरिका, ग्रेट ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, पोलैंड, थाईलैंड, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, जापान, अर्जेंटीना एवं केन्या की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतिभागी देशों को 6-6 के दो समूह में बांटा जाएगा और विश्व कप के सभी मैच अहमदाबाद के नए अत्याधुनिक स्टेडियम, द एरीना बाय ट्रांसस्टेडिया में खेले जाएंगे।