रायपुर। मौजूदा चैंपियन मुंबई ने शहीद वीर नायारण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में हुए रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच के पांचवें दिन मंगलवार को हैदराबाद को 30 रनों से मात देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। चौथी पारी में 232 रनों के औसत लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदाराबाद की टीम 201 रनों पर ढेर हो गई।
विजय गोहिल और अभिषेक नायर ने पांच-पांच विकेट चटकाते हुए मुंबई को जीत दिलाई। मैच के चौथे दिन 121 रनों पर सात विकेट गंवा चुकी हैदराबाद की पारी को बालचंदर अनिरुद्ध (नाबाद 84) ने चामा मिलिंद (29) के साथ संभलकर जीत की ओर बढ़ाना शुरू किया।
दोनों बल्लेबाजों ने मंगलवार को अपनी साझेदारी 22.4 ओवर तक जारी रखी और इस दौरान उन्होंने टीम के स्कोर में 64 रन भी जोड़े। लेकिन नायर ने मिलिंद का विकेट चटका हैदराबाद की उम्मीदें तोड़ दीं। इसके बाद हैदराबाद के शेष दो पुछल्ले बल्लेबाज विकेट पर ज्यादा देर टिक नहीं सके और अंत तक नाबाद रहे अनिरुद्ध का संघर्ष बेकार गया।