ISL-5 : Pune City open account with win over Jamshedpur FC-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 19, 2024 7:27 pm
Location
Advertisement

ISL-5 : जमशेदपुर को हरा पुणे सिटी ने खोला जीत का खाता

khaskhabar.com : गुरुवार, 22 नवम्बर 2018 12:04 PM (IST)
ISL-5 : जमशेदपुर को हरा पुणे सिटी ने खोला जीत का खाता
पुणे। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में लगातार हार झेल रहे एफसी पुणे सिटी ने बुधवार को अपने घर में आखिरकार जीत का खाता खोल ही लिया। पुणे ने श्री शिव छत्रपति स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स स्टेडियम में खेले गए मैच में जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराते हुए इस सीजन की पहली जीत हासिल की। उसे यह जीत मैट मिल्स द्वारा 86वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत मिली।

मैच एक समय 1-1 से बराबरी पर था लेकिन मैट ने ऐन समय पर मौके को भुनाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। मिल्स द्वारा मैट स्टैनकोविक के कॉर्नर किक पर किए गए इस गोल ने पुणे को संजीवनी सरीखी जीत दिलाई। लम्बे समय से 10 टीमों की तालिका में सबसे नीचे दबी पुणे की टीम आखिरकार आठ मैचों से पांच अंकों के साथ तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई। जमशेदपुर की यह इस सीजन की पहली हार है। वह 11 अंकों के साथ अब भी चौथे स्थान पर कायम है।

85वें मिनट तक मैच 1-1 की बराबरी पर चल रहा था और ऐसा लग रहा था कि पुणे की जीत की आस धरी की धरी रह जाएगी लेकिन मिल्स ने स्थानापन्न के तौर पर 74वें मिनट में मैदान पर आए स्टैनकोविक की मदद से गोल करते हुए अपने प्रशंसको को इस सीजन में पहली बार मुस्कुराने का मौका दिया। इस मैच के पहले हाफ के शुरुआती 20 मिनट एक्शन और रोमांच से भरपूर रहे। पहली सफलता पुणे को मिली।

जमशेदपुर ने भी 10वें मिनट में बराबरी कर ली। पहले 25 मिनटों तक दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ खूब हमले बोले लेकिन इसके बाद खेल की रफ्तार कम होती गई। सीजन की पहली जीत के लिए तरस रही पुणे की टीम ने पांचवें मिनट में ही धमाका करते हुए खाता खोल दिया था। मेजबान टीम के लिए यह गोल डिएगो कार्लोस ने किया और इसमें मार्सेलिन्हो का एसिस्ट था। तीन मैचों के प्रतिबंध के बाद वापसी कर रहे कार्लोस ने जमशेदपुर के स्टार गोलकीपर सुब्रत पॉल को छकाते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

बराबरी को आतुर जमशेदपुर ने दो बार पुणे के गोलपोस्ट पर जोरदार हमला किया लेकिन पुणे के गोलकीपर कमलजीत सिंह ने दोनों मौकों को बेकार कर दिया। बराबरी का गोल करने के लिए हालांकि मेहमान टीम को अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा। 10वें मिनट में सुमित पासी ने कार्लोस काल्वो के एक क्रॉस पर गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement