जयपुर। राजस्थान विधानसभा में सोमवार को जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल ने कहा कि सरकार आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कृत-संकल्पित है। प्रदेश में जहां भी कहीं पेयजल की कमी आएगी, वहां परिवहन के जरिए जलापूर्ति की जाएगी।
गोयल ने शून्यकाल में उठाए मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सांचौर शहर में प्रतिदिन 38 लाख लीटर पेयजल की जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि नेहड़ क्षेत्र के गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कुल 48 गांवों के लिए 10.18 करोड़ रुपए की लागत वाली 14 योजनाएं स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन है।
जलदाय मंत्री ने कहा कि एसओपी (सेडयूल ऑफ पावर) में कोई लिपिकीय त्रुटि रह गई थी, अब इसमें संशोधन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं, जल्द ही वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी जाएगी।