-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कॉप31: जलवायु सम्मेलन का अन्तिम दिन, कारगर समझौते से पीछे न हटने की मांग

Source: UN News: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
कॉप31: जलवायु सम्मेलन का अन्तिम दिन, कारगर समझौते से पीछे न हटने की मांग
तुर्कीये के अन्ताल्या शहर में शुक्रवार को यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन (कॉप31) के अन्तिम दिन, योरोप, अफ़्रीका, लातिन अमेरिका और प्रशान्त क्षेत्र में स्थित देशों के एक समूह ने समझौते के सम्भावित प्रस्ताव को चुनौती दी है. उन्होंने जीवाश्म ईंधन (कोयला, तेल, गैस) के इस्तेमाल से दूर हटने और वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था के लिए ठोस उपायों की मांग दोहराई है. वहीं, अन्ताल्या में जुटे जलवायु कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यह वार्ता विफलता की ओर बढ़ती नज़र आ रही है. पिछले दो सप्ताह से वार्ताकार एक ऐसे समझौते पर पहुँचने की कोशिशों में जुटे हैं, जोकि लगभग 200 सरकारों को स्वीकार्य हो.वे देश भी जो आम तौर पर वार्ताओं में एक साथ नहीं होते हैं, उन्होंने शुक्रवार को अन्ताल्या में एक दूसरे के साथ खड़े होकर प्रैस वार्ता को सम्बोधित किया. कॉप31 सम्मेलन के अध्यक्ष के लिए उनका सन्देश था: बातचीत की मेज़ पर रखा गया प्रस्ताव संतोषजनक नहीं है.फ़्राँस और पनामा की अगुवाई में, फ़िनलैंड, ग्रीस, ग्वाटेमाला, स्पेन, स्वीडन, आइवरी कोस्ट, बेल्जियम समेत विश्व के अनेक हिस्सों से आए मंत्रियों व प्रतिनिधियों ने ठोस जलवायु कार्रवाई की मांग की है.प्रतिनिधियों का कहना है कि हम दुनिया को यह नहीं बता सकते हैं कि वैश्विक तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने जा रही है, और उसके बाद भी ऐसे बर्ताव करें जैसे कि कुछ हुआ ही न हो, चूँकि यह अस्तित्व से जुड़ा सवाल है. जलवायु मुद्दों पर यूएन की बैठकों में निर्णय आम तौर पर आपसी सहमति से लिए जाते हैं, यानि किसी एक देश द्वारा औपचारिक रूप से आपत्ति जताए जाने पर भी समझौते को रोका जा सकता है. © UN Climate Change/Kiara Worth जलवायु सम्मेलन में विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि कॉप31 में सम्भावित समझौते के मसौदे पर बातचीत कर रहे हैं. सहमति में रुकावटेंपनामा ने आगाह किया है कि ऐसा कोई कॉप दस्तावेज़ स्वीकार्य नहीं होगा, जिसमें जीवाश्म ईंधन का उल्लेख नहीं किया गया हो, और इसे सहन नहीं किया जा सकता है. यह चेतावनी कॉप31 में किसी समझौते के पारित होने की सम्भावना में देरी या उसके विफल होने की वजह बन सकती है.ये मतभेद, पिछले सप्ताह यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश की उन चेतावनियों को दोहराते हैं, जिनमें उन्होंने विश्व नेताओं से आग्रह किया था कि जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता दूर करने के साथ-साथ विकासशील देशों के लिए वित्तीय संसाधनों की भी व्यवस्था करनी होगी. साथ ही, ऊर्जा स्रोतों में बदलाव की इस प्रक्रिया में श्रमिकों व समुदायों की रक्षा सुनिश्चित की जानी अहम है.महासचिव गुटेरेश ने वर्ष 2035 तक, अनुकूलन प्रयासों (बदलती जलवायु के अनुरूप ढलने) के लिए धनराशि को तीन गुना करने की अपील की है, और जीवाश्म ईंधन कम्पनियों के मुनाफ़े पर टैक्स लगाने का आग्रह किया है, जिसका इस्तेमाल जलवायु आपदाओं से उबर रहे देशों की मदद के लिए किया जाना होगा. देशों ने कॉप31 समझौते में अपनी छह प्राथमिकताओं को शामिल किए जाने पर बल दिया है:विज्ञान: यह सुनिश्चित करें कि जलवायु सम्बन्धी निर्णय वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लिए जाएं.जीवाश्म ईंधन: कोयले, तेल, गैस के इस्तेमाल से व्यवस्थित ढंग से दूर जाने का स्पष्टता से उल्लेख हो.वित्तीय संसाधन: ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लिए सबसे अधिक ज़िम्मेदार पक्ष न्यायसंगत ढंग से जलवायु कार्रवाई के लिए धनराशि मुहैया कराएं.स्वच्छ ऊर्जा: नवीकरणीय (सौर, पवन), स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों से बिजली हासिल करने की दिशा में तेज़ी से बढ़ाए जाएं.मीथेन: वैश्विक तापमान बढ़ने की रफ़्तार में कमी लाने के लिए मीथेन उत्सर्जन में तेज़ी से कटौती के उपायों को प्रोत्साहन मिले.अन्तरराष्ट्रीय सहयोग: जलवायु परिवर्तन, जैवविविधता और मरुस्थलीकरण पर तीन सन्धियों के बीच आपसी समन्वय को मज़बूती प्रदान की जाए. Rosa Castañeda / 10 Billion Solutions तुर्कीये के अन्ताल्या में कॉप31 सम्मेलन का शुभंकर, मंच के पीछे अलग-अलग हिस्सों में पड़ा हुआ है. सबसे निराशाजनक कॉप सम्मेलन?शुक्रवार दोपहर तक कॉप31 अध्यक्ष की ओर से प्रस्तावित ‘अन्ताल्या समझौते’ (Antalya Accord) का नया मसौदा जारी नहीं किया गया था. इस वजह से, विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल गुरूवार को जारी किए गए मसौदे के आधार पर ही काम करते रहे.प्रदर्शनकारियों का धैर्य जवाब देने लगा है. ‘शर्म करो’ (SHAME) लिखी काली तख़्तियाँ थामे नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधियों की एक विशाल भीड़ ‘क्लाइमेट एक्शन नेटवर्क’ की अन्तिम प्रैस वार्ता में वक्ताओं के पीछे खड़ी थी.पर्यावरण संगठनों के इस वैश्विक गठबंधन ने प्रस्तावित समझौतों को ख़ारिज कर दिया है और विकासशील देशों से भी इसे स्वीकार न करने की अपील की है.संगठन की कार्यकारी निदेशक तसनीम एसोप ने कहा कि, “मेज़ पर ऐसा कुछ भी नहीं है जो लोगों की रक्षा करता हो या ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं के अनुरूप हो.”जलवायु कार्यकर्ताओं ने धनी देशों पर वित्तीय सहायता, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती और स्वच्छ अर्थव्यवस्था की प्रक्रिया में प्रभावित श्रमिकों एवं समुदायों को सहयोग जैसे मुद्दों पर रोड़े अटकाने का आरोप लगाया. ‘पावर शिफ़्ट अफ़्रीका’ के संस्थापक मोहम्मद अदोव ने दो टूक शब्दों में अपनी बात रखी. “कॉप अध्यक्ष हमें यह बताना चाहते हैं कि यह एक शानदार कॉप रहा है. लेकिन मैं आपको बिना किसी सन्देह के बता सकता हूँ कि यह अब तक का सबसे ख़राब कॉप रहा है.”उन्होंने विकसित देशों पर आरोप लगाया कि वे अधिक महत्वाकाँक्षी जलवायु लक्ष्यों की मांग तो कर रहे हैं, लेकिन उन्हें हासिल करने के लिए ज़रूरी सहयोग देने से पीछे हट रहे हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement