-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 11:24 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षेप में: बलूचिस्तान में हमलों की निन्दा, पनडुब्बी केबल की सुरक्षा का संकल्प

Source: UN News: गुरुवार, 05 फ़रवरी 2026 00:01 AM (IST)
संक्षेप में: बलूचिस्तान में हमलों की निन्दा, पनडुब्बी केबल की सुरक्षा का संकल्प
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ़) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रान्त में बीते सप्ताहांत हुए सिलसिलेवार हमलों में बच्चों समेत बड़ी संख्या में आम नागरिकों के मारे जाने और उनके घायल होने पर गहरी चिन्ता जताई है. उधर, पुर्तगाल में आयोजित एक शिखर बैठक के दौरान, समुद्री गहराइयों में बिछाए गए विशाल केबल नैटवर्क की सुरक्षा को मज़बूती देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है. पाकिस्तान में यूनीसेफ़ की प्रतिनिधि परनिल आयरनसाइड ने मंगलवार को जारी अपने वक्तव्य में कहा कि बच्चे न तो कभी ऐसे हमलों का निशाना हो सकते हैं और न ही उन्हें किसी हमले की चपेट में आने दिया जा सकता है.उन्होंने पीड़ित परिवारजन व समुदायों के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की ज़िन्दगियों की हमेशा सुरक्षा की जानी होगी. यूनीसेफ़ अधिकारी ने आगाह किया है कि पाकिस्तान में हिंसा में आई तेज़ी से भय फैल रहा है, और इसका सबसे अधिक बोझ बच्चों और उनके परिजन को उठाना पड़ रहा है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मंगलवार को जारी अपने एक प्रैस वक्तव्य में 31 जनवरी को हुए इन हमलों की कड़ी निन्दा की है. इन हमलों में कम से कम 31 आम नागरिकों समेत 48 लोगों की जान गई थी. सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों ने इन हमलों को जघन्य व कायरतापूर्ण, आतंकवादी कृत्य क़रार दिया है.बताया गया है कि हताहत होने वाले आम नागरिकों में पाँच महिलाएँ व तीन बच्चे हैं. तथाकथित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी लेने का दावा किया है, जोकि एक प्रतिबन्धित गुट है.सुरक्षा परिषद ने पीड़ितों के परिजन, सरकार और आम लोगों के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना जताई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.पनडुब्बी केबल को सुदृढ़ता प्रदान करने के लिए संकल्प © ITU/ M. Jacobson-Gonzalez ITU महासचिव डॉरीन बॉगडन-मार्टिन, पुर्तगाल के पोर्तो शहर में पनडुब्बी केबल के विषय पर आयोजित शिखर बैठक में जुटे प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रही हैं. 70 से अधिक देशों की सरकारों और उद्योग जगत के नेताओं ने समुद्री गहराइयों में बिछाए गए विशाल केबल नैटवर्क की सुरक्षा को मज़बूती देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है, जिनसे होकर अधिकाँश डिजिटल ट्रैफ़िक गुज़रता है. पुर्तगाल के पोर्तो शहर में एक अन्तरराष्ट्रीय बैठक के दौरान, प्रतिभागियों ने एक घोषणापत्र को पारित किया, 500 से अधिक केबल के वैश्विक नैटवर्क को सुदृढ़ता प्रदान करने के लिए अपनी अनुशन्साएँ जारी की.ये केबल 17 लाख किलोमीटर की दूरी तक फैले हुए हैं.पनडुब्बी केबल नैटवर्क की अहमियत को जानने के लिए यहाँ क्लिक कीजिएअन्तरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) की महासचिव डॉरीन बॉगडन-मार्टिन ने अपने सम्बोधन में कहा कि जब बात, अति-महत्वपूर्ण डिजिटल बुनियादी ढाँचे, जैसेकि पनडुब्बी केबल की हो, तो उसे सुदृढ़ बनाना एक अनिवार्यता व साझा दायित्व बन जाता है.उन्होंने इस नैटवर्क में किसी भी प्रकार के अवरोध की मरम्मत करने, उसमें लगने वाले समय को घटाने, इस जाल को बढ़ाने और उसमें निवेश के लिए जताई गई प्रतिबद्धताओं का स्वागत किया है.इस शिखर बैठक में, उन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी बल दिया गया, जो इंटरनैट जुड़ाव की दृष्टि से सम्वेदनशील है और दूरदराज़ के इलाक़ों में स्थित हैं. पोर्तो से पहले, वर्ष 2025 की बैठक नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में हुई थी, जहाँ डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार माने जाने वाले इस नैटवर्क को अति-महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे के रूप में मान्यता दी गई थी.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement