khaskhabar.com: रविवार, 25 सितम्बर 2016 11:54 AM (IST)
झुंझुंनू। सीकर-चूरू रेल खंड पर चल रहे आमान परिवर्तन कार्य का जायजा लेने के लिए शनिवार को रेलवे के नार्थ वेस्ट सीईओ ललित कपूर बिसाऊ पहुंचे। कपूर ने स्टेशन पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों व ठेकेदारों की बैठक में 30 दिसंबर तक समस्त कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। कूपर ने ऊंटवालिया रोड के रेल फाटक पर बन रहे अंडर ब्रिज तथा बिसाऊ स्टेशन पर चल रहे भवन के निर्माण कार्यों को देखा। कपूर ने रामगढ के पास बिसाऊ फाटक पर बने अंडर ब्रिज में भरने वाले पानी की निकासी के लिए बोरवैल बनाने के निर्देश दिए। कपूर ने बताया नॉर्थ वेस्ट रेलवे में जयपुर-चूरू मुख्य सेक्शन है इसको जल्द से जल्द खोलना जरूरी है। इसके लिए हम पूरी तरह समर्पित है । सीईओ के निरीक्षण के दौरान रेलवे के चीफ इंजीनियर वेदप्रकाश, डिप्टी चीफ इंजीनियर अशोक धाकड़, अधिशाषी अभियंता वीपीसिंह सहित दो दर्जन अधिकारी व ठेकेदार साथ थे। निरीक्षण के दौरान कपूर ने अधिकारियों व ठेकेदारों को जनवरी-फरवरी तक ट्रेन चलाने की जानकारी देते हुए प्लेटफार्म व स्टेशन के मुख्य भवन तथा चूरू से लक्ष्मणगढ के बीच बन रहे 33 अंडर ब्रिज के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की हिदायत दी।