जयपुर। दौसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर लालसोट रोड पर बुधवार को
नयाबास गांव के पास सडक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसा अनियंत्रित होकर एक पिकअप जीप के पलटने से हुआ। इसमें सवार 6 महिलाओं
समेत 17 जने घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया
जिनमें से एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया जबकि एक महिला और एक युवक की
जयपुर रेफर किए जाने के बाद मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घायलों की संख्या ज्यादा होने के चलते उन्हें जमीन पर ही
लेटाकर उपचार शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर
करीब 1 बजे हुआ था। जीप में सवार मीणा समाज के एक ही परिवार के लोग ठिकरिया
से लालसोट के निर्झणा गांव जा रहे थे। सभी वहां शोक सभा में शामिल होने जा
रहे थे। नांगल राजावतान के पास हादसा हो गया।