टोंक। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी ने कहा हैं कि समाज में वर्तमान समय में संस्कारों में गिरावट ही बच्चों की दुर्दशा का मुख्य कारण है। उन्होने कहा कि मासूमों को कम उम्र में श्रम, बंधुआ मजदूरी, घरेलु हिंसा, यौन शौषण, सहित अन्य तरीकों से प्रताडित किया जाता है जिससे उनकी मासूमियत छीन ली जाती है। अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी बुधवार को जिले के मालपुरा कस्बा में पंचायत समिति के अटल सेवा केन्द्र में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वयसेवी संस्थान प्रतिनिधियों की बैठक में बोल रही थी,जिन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ऐसे बच्चों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर ऐसे सामूहिक प्रयास करने चाहिए जिससे बच्चों की स्थिति में सुधार हो सके ताकि उनकी मुस्कुराहट लौटाई जा सके।
बैठक में चतुर्वेदी ने बीईईओं राधेश्याम जाट से इस सत्र में नामांकन व ड्रॉप आउट की जानकारी ली जिसमें सामने आया कि अनिवार्य शिक्षा के तहत नए नियमों के चलते तो नामांकन में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन प्रवेशोत्सव सहित अन्य प्रयासों से नामांकन में वृद्धि दर्ज की गई है। चुतर्वेदी ने बीईईओं से ड्रॉप आउट की जानकारी ली तथा कारण पूछा तो बताया गया कि पलायन मूल रूप से ड्रॉप आउट का कारण है जिसमें नाता प्रथा सहित परिवारों का आजीविकोपार्जन मुख्य है। पुलिस वृत्ताधिकारी रामनिवास मीणा से बाल श्रमिकों के मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई जिसमें छह माह पूर्व की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। बैठक में रीण्डलिया के मनोज सैनी ने बागरिया ढाणी पीमूण में हालातों की जानकारी देते हुए बच्चों एवं परिवारों से हो रहे भेदभाव, योजनाओं से लाभान्वित नहीं होने का मामला उठाया वहीं देशमा सरपंच हरिनारायण गुर्जर ने आंगनबाडी केन्द्रों के नियमित रूप से नहीं खुलने तथा कागजों में पोषाहार बांटे जाने का मामला उठाया।