Supreme Court Rejects Asaram Bapus Bail Plea In Rape Cases-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

आसाराम को SC से झटका, जमानत अर्जी खारिज, नई FIR के आदेश

khaskhabar.com: सोमवार, 30 जनवरी 2017 2:27 PM (IST)
आसाराम को SC से झटका, जमानत अर्जी खारिज, नई FIR के आदेश
नई दिल्ली। नाबालिग से रेप के आरोप में पिछले तीन साल से भी अधिक समय से जेल में बंद आसाराम बापू और उनके समर्थकों को सुप्रीम कोर्ट ने तगड़ा झटका दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने न सिर्फ मेडिकल आधार पर लगाई गई अंतरिम जमानत याचिका और नियमित जमानत याचिका को खारिज कर दिया, बल्कि उनके खिलाफ जेल अधीक्षक का फर्जी खत लगाने के मामले में एफआईआर दर्ज कराने का भी आदेश दिया है। आसाराम बापू के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने कहा कि वह केस के ट्रायल में जानबूझकर अड़ंगा डाल रहे हैं। आसाराम की याचिका की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट से साफ है कि आसाराम की मेडिकल हालत ठीक है और इस आधार पर उन्हें जमानत नहीं मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने साथ ही झूठी मेडिकल रिपोर्ट देने के कारण आसाराम पर एक लाख रुपये का जुर्माना और एफआईआर दर्ज करने का आदेश भी दिया है। कोर्ट ने इस मामले में आसाराम की माफी को भी खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि आसाराम ने खुद ही बिना कोई कारण बताए एमआरआई कराने से इनकार कर दिया था। सरकार ने भी आसाराम की जमानत का विरोध किया था। बता दें कि इससे पहले राजस्थान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि आसाराम के वकीलों ने जमानत मामले में जेल सुपरिंटेंडेंट का फर्जी पत्र लगाया है, जिसके अनुसार आसाराम की हालत खराब होने की बात बताई गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम के स्वास्थ्य पर एम्स से बोर्ड का गठन करने और दस दिन में जांच रिपोर्ट देने को कहा था, जिसे अस्पताल ने दाखिल कर दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम को अंतरिम जमानत नहीं देने के अपने पहले के आदेश में बदलाव करने से इनकार करते हुए कहा कि त्वरित अनुरोध विचार योग्य नहीं है इसलिए इसे खारिज किया जाता है। सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम के खिलाफ राजस्थान में दर्ज यौन उत्पीडऩ के मामले में नियमित जमानत की अपील भी खारिज कर दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि हम इस बात को नजरअंदाज नहीं कर सकते कि मुकदमे को बेवजह लंबा खींचा जा रहा है और अभियोजन पक्ष के गवाहों पर हमले हुए जिनमें से दो की तो मौत भी हो गई।

[@ इस कुण्ड में नहाने से भागते हैं भूत!]

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement