Student leader Kanhaiya Kumar will contest Bihar Begusarai election-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Mar 29, 2024 8:55 pm
Location
Advertisement

छात्र नेता कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से लड़ेंगे चुनाव

khaskhabar.com : शनिवार, 23 मार्च 2019 11:59 AM (IST)
छात्र नेता कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से लड़ेंगे चुनाव
पटना। बिहार में विपक्षी दलों के महागठबंधन ने भाकपा (माले) को तो तरजीह दी है, लेकिन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को नहीं। महागठबंधन में सीट बंटवारा हो जाने के बाद भाकपा ने स्पष्ट किया कि छात्रनेता कन्हैया कुमार बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे। भाकपा ने अन्य सीटों पर उम्मीदवार तय करने के लिए रविवार को बैठक बुलाई है।
भाकपा के प्रदेश सचिव सत्यनारायण सिंह ने कहा कि दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार का बेगूसराय से चुनाव लड़ना तय है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का स्वरूप तय होने के बाद अब यह साफ है कि हमें बिहार में अपने बलबूते चुनाव लड़ना है। बेशक हम चुनाव लड़ेंगे और इस बारे में स्पष्ट रणनीति के लिए रविवार को बैठक बुलाई गई है, जिसमें मधुबनी, मोतिहारी, बांका, खगड़िया जैसी सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि भाकपा के इस निर्णय के बाद बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में त्रिकोणात्मक संघर्ष देखने को मिलेगा। यहां से राजग की घटक भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। महागठबंधन ने शुक्रवार को सीटों की घोषणा की है।
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से राजद जहां 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, वहीं कांग्रेस के खाते में नौ सीटें गई हैं।

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को पांच, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) व विकासशील इंसान पार्टी को तीन-तीन सीटें दी गई हैं। भाकपा (माले) को राजद कोटे से एक सीट दी गई है। बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटों के लिए 7 चरणों में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होगा। वोटों की गिनती 23 मई को होगी। -आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement