sikar news : People residing in forest areas will get relief : Chief minister vasundhara raje-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 20, 2024 5:15 pm
Location
Advertisement

वन एवं गैर मुमकिन पहाड़ क्षेत्रों में बसे लोगों को मिलेगी राहत : CM

khaskhabar.com : शुक्रवार, 06 अप्रैल 2018 10:55 PM (IST)
वन एवं गैर मुमकिन पहाड़ क्षेत्रों में बसे लोगों को मिलेगी राहत : CM
सीकर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि प्रदेश के वन क्षेत्रों में लम्बे समय से बसी आबादी में लोगों को राहत देने के लिए जिला कलेक्टर भूमि के डायवर्जन के प्रस्ताव वन विभाग को भेजें, ताकि उस क्षेत्र में बसे लोगों की समस्या का निराकरण हो सके। मुख्यमंत्री ने ये भी निर्देश दिए हैं कि उन गैर मुमकिन पहाड़ क्षेत्रों का किस्म परिवर्तन भी किया जाए, जहां वर्षों से आबादी बसी हुई है। न्याय आपके द्वार में रास्तों की समस्याओं का होगा हल : - मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि आगामी 1 मई से शुरू होने वाले न्याय आपके द्वार अभियान में प्रदेश भर में रास्तों के विवादों का निस्तारण किया जाए। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी दिए। सीएम ने की 120 करोड़ की घोषणा, कोटपूतली-नीमकाथाना बनेगी फोरलेन सड़क : - कोटपूतली से नीमकाथाना के बीच 35 किलोमीटर लम्बी सड़क को फोरलेन किया जाएगा। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सीकर जिले के पाटन में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को इसकी घोषणा की। इस सड़क के फोरलेन होने से सालासर, खाटूश्याम जी एवं जीणमाता जाने वाले दर्शनार्थियों को सुविधा होगी। जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से चर्चा के दौरान इस सड़क पर खनिज वाहनों के भारी दबाव के कारण फोरलेन सड़क की मांग की गई थी। मुख्यमंत्री ने इसे तुरंत मंजूर करते हुए बीओटी आधार पर बनने वाली सड़क को दो लेन से चार लेन बनाने के निर्देश दिए। राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम के द्वारा बनाई जाने वाली इस सड़क की अनुमानित लागत 120 करोड़ रुपए है। अतिक्रमण हटाने के निर्देश : - राजे ने डेहरा जोहड़ी में नदी एवं गुरडा का बास में बने जोहड़ पर किए गए अतिक्रमण को शनिवार तक हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मावंडा खुर्द स्कूल के खेल मैदान पर से भी शीघ्र अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति क्यों ना हो, अतिक्रमण हर हाल में हटने चाहिए। पाटन में चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश : - मुख्यमंत्री ने पाटन तथा रायपुर गांव के चिकित्सालयों में चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ की कमी है, उसे दूर किया जाए। पेयजल व्यवस्था सुचारू हो : - राजे ने कहा है कि पेयजल समस्या का हर हाल में समाधान होना चाहिए। कई स्थानों पर पेयजल की टंकियां हैं और पाइप लाइन भी डली हुई है, लेकिन पानी के स्रोतों से जुड़ी हुई नहीं हैं। ऐसी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। नवोदय के विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया : - मुख्यमंत्री राजे ने जवाहर नवोदय विद्यालय, पाटन के परिसर में जनसंवाद के बाद इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बातचीत की। उन्होंने खेलों, अकादमिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट स्थान पाने वाले 9 विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar Rajasthan Facebook Page:
Advertisement
Advertisement