Shivamogga Savarkar Flex controversy: Main accused arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शिवमोग्गा सावरकर फ्लेक्स विवाद : मुख्य आरोपी गिरफ्तार

khaskhabar.com: मंगलवार, 16 अगस्त 2022 12:00 PM (IST)
शिवमोग्गा सावरकर फ्लेक्स विवाद : मुख्य आरोपी गिरफ्तार
शिवमोग्गा (कर्नाटक) । कर्नाटक के शिवमोग्गा शहर में विनायक दामोदर सावरकर के फ्लेक्स (एक तरह का बैनर) को हटाने को लेकर जमकर विवाद हुआ। इसमें दो युवाओं पर चाकू से हमला कर दिया गया। कर्नाटक पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई सोमवार देर रात हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वीर सावरकर का फ्लेक्स स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के उत्सव के हिस्से के रूप में लगाया गया था। मुख्य आरोपी की पहचान शिवमोग्गा के मरनामीबेल निवासी जबीउल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में अब तक 10 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस की एक विशेष टीम ने इनपुट हासिल करने के बाद मुख्य आरोपी जबीउल्ला को गिरफ्तार किया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने गई तो आरोपी ने कथित तौर पर उस पर हमला करने की कोशिश की। जिसके बाद पुलिस निरीक्षक मंजूनाथ कुरी ने उसके पैर में गोली मार दी।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेगन अस्पताल पहुंचाया। बाद में इलाज के बाद जबीउल्ला को अस्पताल के जेल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जेसी नगर निवासी नदीम (25) और बुधनगर निवासी अब्दुल रहमान (25) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
अतिरिक्त डीजीपी आलोक कुमार ने कहा कि आरोपी के राजनीतिक संबंध या किसी संगठन से जुड़ाव का पता लगाना होगा। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज करने के अलावा जिला आयुक्त से चर्चा कर आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने का निर्णय लिया जाएगा।
शिवमोग्गा शहर में 18 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस विभाग ने रिजर्व पुलिस की 15 प्लाटून भेजी है। अभी 6 प्लाटून और जोड़ी जाएंगी।
कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए एक पुलिस अधीक्षक (एसपी), तीन अतिरिक्त एसपी, आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) से तीन डीएसपी और 10 निरीक्षकों को भी शिवमोग्गा जिले में तैनात किया गया है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement