नारे लगाकर किया बाल विवाह का विरोध, जनमानस को किया जागरुक
khaskhabar.com: गुरुवार, 27 अप्रैल 2017 10:52 AM (IST)
बाड़मेर। देश भर में बाल विवाह जैसी कुरीति को लेकर बदनाम पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में अब इस कुरीति के खिलाफ आवाज बुलंद होने लगी है। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ नारे लगाते हुए जनमानस को बालविवाह नहीं करने के लिए जागरुक किया।
बाल विवाह रोकथाम के लिए तालुका विधिक सेवा समिति बाड़मेर एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड़ जिला मुख्यालय बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जिलेभर में प्रभातफेरी निकाली गई। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड़ बाड़मेर सीओ गाइड़ ज्योति रानी महात्मा ने बताया कि प्रात: 8.30 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल से बाल विवाह रोकथाम के लिए स्काउट व गाइड़ ने प्रभातफेरी निकालकर बाल विवाह जैसे महापाप को रोकने के लिए जन जागरण का संदेश दिया।
रैली को अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओपी विश्नोई और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भाटिया ने हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन दो दिन तक पूरे जिलेभर में चलेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गई थी। रैली में बड़ी संख्या में विधार्थियो ने शिरकत की।