Preparations intensify for PM Modis welcome in Malaysia, Indian community enthusiastic-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मलेशिया में पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियां तेज, भारतीय समुदाय में उत्साह

khaskhabar.com: शुक्रवार, 06 फ़रवरी 2026 9:07 PM (IST)
मलेशिया में पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियां तेज, भारतीय समुदाय में उत्साह
नई दिल्ली। मलेशिया में भारतीय समुदाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारियों में जुटा हुआ है। 7 से 8 फरवरी तक होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे को लेकर भारतीय प्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह यात्रा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आमंत्रण पर हो रही है और इससे भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान व्यापार, वित्त, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। आसियान इंडिया इकोनॉमिक काउंसिल (एआईईसी) के चेयरमैन रमेश कोडम्मल ने कहा कि मलेशियाई सरकार और वहां की जनता प्रधानमंत्री मोदी का दिल से स्वागत कर रही है। उन्होंने कहा, “यह लंबे समय से प्रतीक्षित यात्रा है और लोग पीएम मोदी को देखने, सुनने और उनसे मिलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह भारत-मलेशिया रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सुनहरा मौका है।” कोडम्मल ने बताया कि वर्ष 2023-24 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 20 अरब डॉलर रहा है, जिसके आगे और बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही भारत-आसियान और भारत-मलेशिया के व्यापारिक रिश्ते भी लगातार मजबूत हो रहे हैं।
भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, “हम पीएम मोदी को यहां देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। मैं 10 साल पहले उनकी यात्रा का भी हिस्सा रहा था। एक दशक बाद उनका फिर से मलेशिया आना, जहां दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय समुदाय रहता है, यह दिखाता है कि वे भारत और मलेशिया के बीच द्विपक्षीय और सांस्कृतिक रिश्तों को कितना मजबूत करना चाहते हैं।”
एक अन्य प्रवासी भारतीय ने कहा, “हमारे लिए यह बेहद गर्व और खुशी की बात है कि पीएम मोदी यहां आ रहे हैं। यह हमारे लिए एक सुनहरा मंच है। मलेशिया भरतनाट्यम डांस एसोसिएशन की ओर से हम एक विशेष प्रस्तुति देने जा रहे हैं, जिसमें अलग-अलग नृत्य शैलियों को एक ही कोरियोग्राफी में पेश किया जाएगा।”
पीएम मोदी के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य तैयारी की जा रही है। करीब 800 कलाकार और नर्तक शास्त्रीय और फ्यूजन प्रस्तुतियों का अभ्यास कर रहे हैं, जिनमें कथक, भरतनाट्यम और बैले जैसे नृत्य शामिल हैं।
एक कलाकार ने बताया, “हमने कई हफ्तों तक इस प्रस्तुति के लिए अभ्यास किया है। हमने कथक और बैले का फ्यूजन तैयार किया है, जो करीब दो मिनट का होगा। हम उम्मीद करते हैं कि पीएम मोदी को यह प्रस्तुति जरूर पसंद आएगी।”
वहीं एक कोरियोग्राफर ने कहा, “तैयारियां काफी समय से चल रही हैं। मेरे चार छात्र इस प्रस्तुति का हिस्सा हैं। सभी सीनियर सेकेंडरी के छात्र हैं और उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहता है, फिर भी हमने जितना संभव हो सका उतना अभ्यास किया।”
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इन बैठकों में व्यापार, वित्त और समग्र रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर खास जोर दिए जाने की उम्मीद है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement