सोनीपत। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के पॉली हॉउस में खीरे का उत्पादन शुरू हो गया है। मंगलवार को महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो आशा कादयान ने पॉली हाउस जाकर इसका शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय स्थित पॉली हाउस में खीरे का उत्पादन शुरू होने के बाद अब टमाटर और शिमला मिर्च की फसल करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। विवि की कुलपति प्रो आशा कादयान ने मंगलवार को पहला खीरा तोड़कर बिक्री को हरी झंडी दी। प्रो कादयान ने कहा कि पॉली हाउस आधुनिक खेती का हिस्सा है और ये किसानों के लिए काफी लाभकारी है। उन्होंने बताया कि ये एक ऐसी खेती की तकनीक है। जिसमें एक एकड़ में लाखों की खेती हो सकती है। इस खेती को करने से किसान समर्थ हो सकते हैं। प्रो कादयान ने बताया कि विश्वविद्यालय स्थित पॉली हाउस की सब्जियों का फायदा विश्वविद्यालय के कर्मचारी ले सकेंगे। इस मौके पर विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार प्रो कविता चक्रवर्ती, डॉ नीलम मलिक और डॉ अर्जुन प्रसाद भी मौजूद थे।