PM modi in kozhikode-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 11:46 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा,परास्त करेगा:PM मोदी

khaskhabar.com: रविवार, 25 सितम्बर 2016 09:55 AM (IST)
भारत आतंकवाद के आगे नहीं 
झुकेगा,परास्त करेगा:PM मोदी
कोझिकोड।कश्मीर में उडी हमले के बाद शनिवार को पहली बार केरल के कोझिकोड में पीएम मोदी ने कहा,भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा। आतंकवाद को परास्त कर के रहेगा। पीएम ने पाकिस्तान को बेनकाब करते हुए कहा कि एक ऎसा देश है जो यह नहीं चाहता कि 21वीं सदी एशिया की बने। पीएम ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज के हुक्मरान आतंकियों के आकाओं के लिखे हुए भाषण पढकर कश्मीर के गीत गा रहे हैं। पीएम ने कहा कि भारत उरी हमला नहीं भूलेगा। पाकिस्तान के हुक्मरान सुन लें हमारे 18 जवानों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। आपको अलग-थलग करने में भारत सफल रहा है और दुनिया में हम आपको अकेला रहने के लिए मजबूर कर देंगे। वह दिन दूर नहीं होगा जब पाकिस्तान की आवाम पाकिस्तान के हुक्मरानों के खिलाफ लडाई लडने सडकों पर जा आएगी। पीएम मोदी ने कहा,पाकिस्तान की आवाम से मैं कहना चाहता हूं आपको गुमराह करने के लिए हजार साल तक हिंदुस्तान से लडने की बात की जाती है। आज दिल्ली में एक सरकार है और यह सरकार चुनौती स्वीकार करती है। हिंदुस्तान आपसे लडाई लडने को तैयार है। आइए हम गरीबी से ल़डें। आइए लडाई लडते हैं बेरोजगारी को खत्म करने की। लडाई लडें और देखें कि बेरोजगारी को पहले कौन खत्म करता है। हम अशिक्षा के खिलाफ लडाई लडें। आइए लडाई लडें प्रसूता महिलाओं और नवजातों को बचाने की। आओ देखें-कौन जीतता है। पाकिस्तान की आवाम अपने हुक्मरानों से पूछे कि दोनों देश एक साथ आजाद हुए। क्या कारण है कि हिंदुस्तान दुनिया में सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट करता है और आपका देश आतंकवाद एक्सपोर्ट करता है। मैं आज यहां से सीधे पाकिस्तान की आवाम से बात करना चाहता हूं। जो हुक्मरान आतंकवादियों के लिखे हुए भाषण पढते हैं उनसे देश को कोई उम्मीद नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा,मैं पाकिस्तान की अवाम को याद दिलाना चाहता हूं कि 1947 से पहले आपके पूर्वज भी इसी संयुक्त हिंदुस्तान की धरती को प्रणाम करते थे इसी को अपनी मिट्टी मानते थे। उसी की याद दिलाते हुए मैं आज आपसे कुछ बात करना चाहता हूं। पाकिस्तान की अवाम अपने हुक्मरानों से पूछे कि पीओके तो आपके पास है आप उसे भी संभाल नहीं पाते। बांग्लादेश को भी संभाल नहीं पाए, आप सिंध, गिलगिट, पख्तून और बलोचिस्तान को संभाल नहीं पा रहे हो और कश्मीर की बात कर गुमराह कर रहे हो।
पीएम मोदी ने कहा,पडोसी देश के नेता उनके हुक्मरान जो कहा करते थे-हजार साल ल़डेंगे, कहां खो गए कहीं नजर नहीं आ रहे। आज के हुक्मरान आतंकियों के लिखे हुए भाषण पढकर कश्मीर के गीत गा रहे हैं। हमारे सुरक्षा बल के जवान आतंकवाद की इस ल़डाई को जीतते चले गए हैं इसका कारण केवल शस्त्र नहीं है, बल्कि जवानों का मनोबल सबसे ऊंचा है, सबसे बुलंद हौसला है। भारत के सवा सौ करोड भारतीयों का मनोबल हमारी सेना का ताकत है। प़डोसी देश एक घटना में सफल हुआ और हमारे 18 जवानों को शहीद कर दिया। यदि वे 17 बार सफल होते तो बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाने में कामयाब हो जाते।
पीएम मोदी ने कहा,सवा सौ करोड भारतीयों को सेना और सुरक्षा बलों पर गर्व है। पिछले कुछ महीनों में 17 बार पडोसी देश ने आतंकवादियों को भारत में भेजकर देश को तहस-नहस करने का प्रयास किया। हमारी सेना ने इऩ प्रयासों को विफल किया। हमारे सुरक्षा बलों ने इन आतंकियों के नापाक इरादों को पूरा नहीं होने दिया। कहीं भी आतंकवादी घटना होने पर यह बात सामने आती है कि आतंकवादी का उस देश से संबंध है या ओसामा बिन लादेन की तरह वह देश उसका पनाहगाह बनता है।
अपने संबोधन की शुरूआत में मलयाली में वाक्य बोले और उसके बाद केरल के लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, मेरे स्वागत में यहां मानव श्रंखला नहीं वरन मानव दीवार दिखाई दी। मोदी ने कहा, केरल का नाम आते ही मन में श्रद्धा और पवित्रता का भाव पैदा होता है। देशभर में जहां कही भी केरल के लोग रहते हैं उन्हें सम्मान की नजर से देखा जाता है, यह केरल के संस्कारों के कारण ही है। विदेश यात्राओं के दौरान भी मैं जब किसी से भी मिलता हूं तो वहां केरल के लोगों के काम और अनुशासन की तारीफ सुनकर गर्व होता है।
मोदी ने पं दीनदयाल उपाध्याय के आदर्श बताए। आज से 50 साल पहले पंडित दीनदयाल जी को यहां पर जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मुझे नहीं लगता कि उस वक्त किसी अखबार के किसी कोने में भी यह खबर छपी होगी। 50 साल के भीतर-भीतर यह दल देश की नंबर 1 पार्टी बन गया। पीएम मोदी ने गांधी, दीनदयाल उपाध्याय व राम मनोहर लोहिया को महान चिंतक बताया। कहा,भाजपा गरीबों की चिंता करने वाली पार्टी है।
उनसे पहले भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आगामी एसेंबली चुनाव में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने केरल में भाजपा का आधार बढाने के लिहाज से आयोजित विशाल सभा में कहा कि केरल की वाम मोर्चा सरकार के राज में भाजपा के लोगों पर हमले हो रहे हैं, अत्याचार हो रहे हैं। लेकिन भाजपा का काम नहीं रूकेगा, विकास नहीं रूकेगा।

1/3
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement