No school in the district will remain without a lease: Ajay Singh Rathore-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जिला का कोई भी विद्यालय नहीं रहेगा पट्टा विहीन : अजय सिंह राठौड़

khaskhabar.com: सोमवार, 23 फ़रवरी 2026 6:31 PM (IST)
जिला का कोई भी विद्यालय नहीं रहेगा पट्टा विहीन : अजय सिंह राठौड़
झालावाड़। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय स्थित सभागार में जिला निष्पादन समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले का एक भी विद्यालय पट्टा विहीन नहीं रहेगा। इसके लिए सभी संस्थाप्रधान आवश्यक दस्तावेजों सहित पट्टा फाइल तैयार कर संबंधित अधिकारी के समक्ष शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि विद्यालयों की भूमि संबंधी प्रक्रियाएं पूर्ण की जा सकें। उन्होंने समस्त पीएमश्री विद्यालयों को रैंकिंग में शत-प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुँचाने के लिए जन आधार प्रमाणीकरण की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी संस्था प्रधानों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पालनहार योजना, छात्रवृत्ति एवं अन्य डीबीटी योजनाओं का लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब विद्यार्थियों का डेटा पूर्ण रूप से अद्यतन होगा।
जिला कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में झालावाड़ जिला प्रदेश में अव्वल रहे, इसके लिए नवाचारों को बढ़ावा दिया जाए। मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान प्रखर 2.0 एवं निपुण राजस्थान कार्यक्रम की समस्त गतिविधियों को समयबद्ध पूर्ण किया जाए।
उन्होंने जिले के समस्त विद्यालय भवनों में शौचालय, विशेषकर बालिका शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में किसी प्रकार की कोताही न बरतने को कहा। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम में सुधार के लिए शिक्षकों को और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने उपचारात्मक शिक्षण के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों के स्तर में सुधार लाने पर बल दिया, ताकि जिले की शैक्षणिक रैंकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नियमित विद्यालय निरीक्षण कर मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत निर्धारित मापदंडों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) भीम सिंह जाट, डाइट प्राचार्य रजनीगंधा सोनी, अति. जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) कल्याणमल वर्मा, समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, पीएमश्री विद्यालयों के संस्थाप्रधान एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement