नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने बुधवार को एक ऐतिहासिक
फैसला लेते हुए 92 साल से चली आ रही रेल बजट की परंपरा को खत्म कर दिया
है। अब आम बजट में रेल बजट को मिला दिया जाएगा। रेल बजट को आम बजट में
मिलाने के प्रस्ताव को केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दे दी है।
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में
इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। रेल मंत्री सुरेश प्रभु और रेलवे
बोर्ड के अध्यक्ष एके मित्तल साउथ ब्लॉक में होने वाली इस बैठक में मौजूद
थे।