Many senior leaders of Haryana Congress will join BJP: sources-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Mar 28, 2024 2:33 pm
Location
Advertisement

हरियाणा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होंगे : सूत्र

khaskhabar.com : मंगलवार, 24 सितम्बर 2019 10:09 PM (IST)
हरियाणा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होंगे : सूत्र
चंडीगढ़/नई दिल्ली। हरियाणा में कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता पाला बदलने की फिराक में हैं और कहा जा रहा है कि इनकी इस सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से बातचीत चल रही है। सूत्रों का कहना है कि राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के साथ चार वरिष्ठ नेताओं ने बातचीत शुरू की है। एक सूत्र ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं को इस घटनाक्रम की जानकारी है। सूत्रों ने कहा कि दल बदलने को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है और इसकी औपचारिक घोषणा में कुछ दिन लग सकते हैं। यह वरिष्ठ नेता कांग्रेस का दामन छोड़ते हैं तो यह पार्टी के लिए एक बड़ी चिंता का विषय होगा।

राज्य में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए कांग्रेस पूरी कोशिश कर रही है। पार्टी हरियाणा में 2004 से ही गुटबाजी से जूझ रही है।

मुख्यमंत्री पद के लिए तरजीह नहीं मिलने पर भजनलाल ने 2004 में कांग्रेस का साथ छोड़कर अपनी पार्टी बना ली थी। इसके बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वीरेंद्र सिंह के बीच तनाव चला। बाद में वीरेंद्र सिंह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। पिछले पांच वर्षों में राज्य के पूर्व पार्टी प्रमुख अशोक तंवर और हुड्डा के बीच भी कई बार सार्वजनिक तौर पर तनाव उभरकर सामने आया है।

हाल ही में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष ने अशोक तंवर को हटाकर कुमारी शैलजा को राज्य की कमान सौंप दी। इसके साथ ही विधायक दल की नेता किरण चौधरी को भी हटा दिया गया और हुड्डा को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता नियुक्त किया गया। इस घटनाक्रम से पहले हुड्डा ने पद छोड़ने की धमकी दी थी। उन्होंने अपनी ताकत दिखाने के लिए 18 अगस्त को एक विशाल रैली का भी आयोजन किया था।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar Haryana Facebook Page:
Advertisement
Advertisement