Kota ACB conducts major operation : Municipal Corporation contract worker arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कोटा एसीबी की बड़ी कार्रवाई : नगर निगम का संविदाकर्मी 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार

khaskhabar.com: सोमवार, 05 अक्टूबर 2026 5:36 PM (IST)
कोटा एसीबी की बड़ी कार्रवाई : नगर निगम का संविदाकर्मी 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार
कोटा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी कोटा इकाई ने सोमवार को एक सफल ट्रैप कार्रवाई करते हुए नगर निगम कोटा के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा संविदाकर्मी आरोपी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए मिलने वाली 50,000 रुपये की प्रथम किस्त की एवज में नगर निगम के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। पैसा न देने पर आगामी किस्तें रोकने की धमकी दी जा रही थी। 1 अक्टूबर को इसका सत्यापन किया गया था, जिसमें अखिलेश मीणा द्वारा 10,000 रुपये और नरेश वर्मा द्वारा 5,000 रुपये की मांग की पुष्टि हुई थी। रंगे हाथों गिरफ्तारी : कोटा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के निर्देशन में तथा पुलिस उप अधीक्षक अनिष अहमद के नेतृत्व में ट्रैप दल का गठन किया गया। टीम ने नगर निगम कोटा के बाहर कार्रवाई करते हुए संविदाकर्मी अखिलेश मीणा को परिवादी से 10,000 रुपये रिश्वत लेते दबोच लिया। दूसरा आरोपी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया।
अग्रिम अनुसंधान : एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के मार्गदर्शन में आरोपी अखिलेश मीणा से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी नरेश वर्मा की गिरफ्तारी के भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एसीबी की विशेष जानकारी : किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण (अभियोग, प्राथमिक जाँच आदि) दर्ज होने पर, एसीबी से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रस्तुत स्पष्टीकरण के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लेना एसीबी की कार्यप्रणाली का हिस्सा है।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस अभियान में सहयोग के लिए एसीबी के टोल-फ्री नंबर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24x7 संपर्क किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement