कुरुक्षेत्र। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष पर पर्यटन नगरी कुरुक्षेत्र कैरोसिन मुक्त जिला होगा। इस जिले में 1 नवम्बर 2016 से कैरोसिन तेल की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। इससे पहले प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत जिले के सभी बीपीएल और एएवाई परिवारों की महिलाओं को गैस कनेक्शन जारी किए जाएंगे। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर खाद्य, नागारिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उपायुक्त कटारिया शुक्रवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, इंडियन ऑयल व भारत पेट्रोलियम कम्पनियों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रही थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश को मार्च 2017 तक केरोसिन तेल मुक्त राज्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। राज्य सरकार के इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण में कुरुक्षेत्र जिला को 1 नवम्बर 2016 तक मिट्टी तेल मुक्त जिला बनाया जाना है।