khaskhabar.com: बुधवार, 25 जनवरी 2017 5:33 PM (IST)
भीलवाड़ा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ‘युवा एवं भावी मतदाताओं का सशक्तीकरण’ को लेकर नगर परिषद स्थित महाराणा प्रताप सभागार में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोगों को जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा ने मतदान एवं मतदान जागरुकता संबंधी शपथ दिलाई।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 21 बूथ लेवल अधिकारियों तथा 30 अन्य कर्मचारियों-अधिकारियों को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। वहीं संवाद कार्यक्रम के तहत श्रेष्ठ भूमिका निभाने वाले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुभाषनगर के दिव्यांग छात्र पंकज पाराशर को भी सम्मानित किया गया।