जयपुर। गरुद्वारा साहिब हीदा की मोरी में आयोजित होने वाला 31 वां महान गुरमत समागम इस बार 23 सितंबर से 25 को आयोजित होगा। कार्यक्रम संयोजक ठाकुर सिंह ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी 350 वें प्रकाश उत्सव को समर्पित यह आयोजन हर बार की तरह इस बार भी भव्य होगा। जिसमें उपदेशों और गुरुवाणी का कार्यक्रम होगा। इसके अन्तर्गत देश-विदेश से आए रागी जत्थे, व्याख्यानकर्ता और सिक्ख पंथ के जत्थेदारों की उपस्थिति में आयोजित होगा। यह समागम सिंह साहिब ज्ञानी गुरबचन सिंह, जत्थेदार श्री अकाल तख़्त साहिब और अमृतसर साहिब के सान्निध्य में आयोजित होगा। यह सिक्ख धर्मावलंबियों का राजस्थान प्रदेश में सबसे बड़ा आयोजन है।
पांच सत्रों में आयोजित होगा
यह 3 दिवसीय कार्र्यक्रम 5 सत्रों में आयोजित किया जाएगा। गुरुद्वारा हीदा की मोरी के पास खंडेलवाल स्कूल में वाटर प्रूफ पंडाल में होगा। जिसमें श्री नादेड़ साहेब स्थित तख़्त श्री सचखण्ड हुजूर साहिब के गुरूद्वारे की आभा के सामान सजाया जाएगा। पिछले वर्ष की तरह द्बह्य बार भी एलईडी से शबद कीर्तन का अनुवाद हिंदी और अंग्रेजी भाषा में होगा। समागम का आरम्भ 23 को गुरु ग्रन्थ साहिब के अखण्ड पाठ साहिब समाप्ति के साथ होगा। अगले दिन 24 को अमृत संचार का आयोजन होगा। जिसे पूरा कराने के लिए दरबार साहिब श्री अमृतसर साहिब के पंज प्यारे आमंत्रित किए गए हैं। समागम के पाँचों सत्रों में अटूट लंगर की व्यवस्था भी है। अंतिम दिन श्री गुरु ग्रन्थ साहिब की शोभायात्रा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।