Congress is happy with big win in Gurdaspur before Himachal, Gujarat assembly elections-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 19, 2024 3:09 pm
Location
Advertisement

हिमाचल, गुजरात विस चुनाव से पहले गुरदासपुर में बड़ी जीत से कांग्रेस खुश

khaskhabar.com : रविवार, 15 अक्टूबर 2017 4:59 PM (IST)
हिमाचल, गुजरात विस चुनाव से पहले गुरदासपुर में बड़ी जीत से कांग्रेस खुश
गुरदासपुर। विधानसभा चुनाव में मिली जीत के सिलसिले को बरकरार रखते हुए पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में रविवार को शानदार जीत दर्ज की। अधिकारियों के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ ने 1.93 लाख वोटों से अधिक के अंतर से चुनाव जीता है। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्वर्ण सलारिया के 3.06 लाख वोटों की तुलना में 4.99 लाख वोट मिले। आम आदमी पार्टी को करीब 24,000 वोट ही मिले। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मिली इस जीत से कांग्रेस पार्टी बेहद उत्साहित है। माना जा रहा है कि पार्टी इस नतीजे को केंद्र सरकार के फैसलों खासकर जीएसटी के खिलाफ जनता की प्रतिक्रिया बताते हुए सरकार के खिलाफ हमले को तेज करेगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सुनील जाखड़ की जीत को पंजाब कांग्रेस की नीतियों और विकासवादी एजेंडे की जीत बताया तो नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि यह जीत सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए दिवाली का गिफ्ट है और बीजेपी के लिए थप्पड़ है। भारी बढ़त से उत्साहित कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने कहा कि गुरदासपुर के लोगों ने मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नीतियों के प्रति नाखुशी जाहिर कर एक कड़ा संदेश दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने जीत को अभूतपूर्व और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की जन-विरोधी नीतियों की पूर्ण अस्वीकृति करार दिया। अमरिंदर सिंह ने कहा, कांग्रेस के उम्मीदवार की भारी जीत से पता चलता है कि जनता ने भ्रष्ट और अनैतिक भाजपा और शिअद को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य में आम आदमी पार्टी के राजनीतिक सफाए को भी रेखांकित करता है। उन्होंने कहा, 1.93 लाख से अधिक मतों के अंतर से हुई यह जीत न केवल 2014 में भाजपा के विनोद खन्ना के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह बाजवा की 1.36 लाख मतों से हुई हार की भरपाई करती है, बल्कि 1980 में सुखबंस कौर भिंडर (कांग्रेस) की जीत के रिकॉर्ड को भी तोड़ती है, जिन्होंने 1.51 लाख मतों से जीत दर्ज की थी। इस सीट पर 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई थी। इस सीट पर चार बार सांसद रहे विनोद खन्ना के अप्रैल में निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुरेश कुमार खजूरिया की जमानत जब्त हो गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar Punjab Facebook Page:
Advertisement
Advertisement