बीकानेर। बीकानेर बॉयेज स्कूल का वार्षिकोत्सव रहमत स्कूल परिसर में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया। समारोह में स्कूल के विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में अभिभावकों ने आकर्षक वेशभूषा एवं भाव भंगिमाओं के साथ आयोजित प्रस्तुतियों की करतल ध्वनि से सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थाई लोक अदालत की चेयरमैन डॉ.कमलदत्त थीं। उन्होंने कहा कि बीकानेर बॉयज स्कूल ने 48 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठा हासिल की है। बीबीएस के विद्यार्थियों ने शिक्षा,खेलकूद, सांस्कृतिक व साहित्यिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। इस दौरान रेवरन फादर जोसफ ने स्वागत भाषण दिया। प्राचार्य फादर सीबू ने स्कूल की गतिविधियों से अवगत करवाते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। हैड बॉय हिमांशु भार्गव ने प्रगति प्रतिवेदन पेश किया। डॉ. पुनीत कालरा ने भी विचार व्यक्त किए।