Chief Minister thanked people for ensuring BJP victory in Dharamshala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 19, 2024 5:19 pm
Location
Advertisement

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए लोगों का आभार जताया

khaskhabar.com : बुधवार, 06 नवम्बर 2019 6:19 PM (IST)
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए लोगों का आभार जताया
धर्मशाला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के धर्मशाला स्थित जोरावर स्टेडियम में आयोजित आभार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में निवेशकों के साथ अभी तक 82 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किये हैं। इन समझौता ज्ञापनों के धरातल पर आने पर प्रदेश में समृद्धि एवं खुशहाली के एक नए युग का सूत्रपात होगा। उन्होंने इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी विशाल नेहरिया को धर्मशाला में हुए उप चुनाव में शानदार जीत के लिए स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने मई 2019 में हुए लोकसभा चुनाव और उसके बाद प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप चुनावों में भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए राज्य के लोगों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रांे में बढ़त बनाकर भाजपा ने एक कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा को मिले वोटों का प्रतिशत प्रदेश में सर्वाधिक था और धर्मशाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर वोट प्रतिशतता के दृष्टिगत सबसे अधिक था। उन्होंने प्रदेश सरकार के नीति एवं कार्यक्रमाें पर विश्वास जताने और विधानसभा उप चुनावों में भाजपा प्रत्याशी विशाल नेहरिया का समर्थन करने के लिए लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया।

जय राम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को समाज के सभी वर्गों से समर्थन प्राप्त हुआ है और लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला न केवल प्रदेश के सबसे बड़े जिले का मुख्यालय है, बल्कि विश्व पर्यटन मानचित्र में अपनी प्राकृतिक सौंदर्य और धर्मगुरू दलाईलामा के आवास के रूप में भी प्रसिद्ध है। यह लोगों के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement