Chandigarh Railway Station redevelopment nears completion, world-class passenger amenities taking shape-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:12 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास पूरा होने के करीब, विश्व स्तरीय यात्री सुविधाएं ले रही हैं आकार

khaskhabar.com: शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 1:43 PM (IST)
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास पूरा होने के करीब, विश्व स्तरीय यात्री सुविधाएं ले रही हैं आकार
खास खबर। चंडीगढ़ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है और करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। काम पूरा होने के बाद स्टेशन में यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, आसान पहुंच और सुगम आवागमन की व्यवस्था होगी। यह स्टेशन चंडीगढ़-पंचकूला क्षेत्र के लिए आधुनिक और सुविधाजनक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित होगा।
यह परियोजना एक पूरी तरह से चालू रेलवे स्टेशन के चुनौतीपूर्ण ब्राउनफील्ड पुनर्विकास के रूप में की जा रही है। इसके तहत ट्रेन परिचालन को बिना किसी बाधा के जारी रखते हुए बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य, यूटिलिटी सेवाओं का स्थानांतरण और यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इस अंतिम चरण में यात्रियों को हो रही अस्थायी असुविधा इस जटिल बदलाव का हिस्सा है। आरएलडीए यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
मनोज गर्ग, उपाध्यक्ष, आरएलडीए ने कहा कि हम जानते हैं कि पुनर्विकास के इस अंतिम चरण के दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। हमारी टीमें शेष काम को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं। साथ ही, ट्रेनों का संचालन बिना किसी रुकावट के जारी रहे और यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। यह एक बड़े बदलाव की अस्थायी प्रक्रिया है। तैयार किया जा रहा विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा आने वाले दशकों तक यात्रियों के साथ-साथ चंडीगढ़-पंचकूला क्षेत्र के लिए भी उपयोगी साबित होगा।”
पुनर्विकसित चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन यात्रियों को विश्व स्तरीय यात्रा अनुभव देने के लिए तैयार किया जा रहा है। परियोजना के तहत चंडीगढ़ और पंचकुला, दोनों तरफ एक-एक आधुनिक जी +3 (चार मंजिला) स्टेशन भवन बनाया जा रहा है। दोनों भवन 72 मीटर चौड़े सेंट्रल एयर कॉनकोर्स और 12 मीटर चौड़े दो फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) से जुड़े होंगे।
परियोजना की प्रमुख विशेषताओं में 180 मीटर लंबी ‘थ्रू रूफ’ शामिल है, जो एयर कॉनकोर्स और दोनों फुट ओवर ब्रिज को कवर करेगी। इससे यात्रियों को मौसम से बेहतर सुरक्षा मिलेगी और स्टेशन को एक आधुनिक व विशिष्ट पहचान भी मिलेगी। इसके अलावा, स्टेशन के सभी 6 प्लेटफॉर्मों को बेहतर सतह और नए शेल्टर के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। यात्रियों की आसान और बाधारहित आवाजाही के लिए स्टेशन पर 16 लिफ्ट और 8 एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
स्टेशन के चंडीगढ़ और पंचकुला दोनों तरफ सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग तथा ड्रॉप-ऑफ और पिक-अप सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि यात्रियों और वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक हो सके। यह परियोजना अब अपने अंतिम और चुनौतीपूर्ण चरण में पहुंच गई है। पुराने फुट ओवर ब्रिज को हटाने के लिए फिलहाल यात्रियों की आवाजाही नए स्टेशन भवनों और एयर कॉनकोर्स के बीच से की जा रही है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आसपास के हिस्सों में भी निर्माण कार्य जारी है। साथ ही, थ्रू रूफ की बची हुई छत, शीटिंग और जल निकासी का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। हाल में हुई बारिश के दौरान यात्रियों को हुई असुविधा के लिए आरएलडीए को खेद है। यह परेशानी मुख्य रूप से छत और जल निकासी से जुड़े निर्माण कार्यों के कारण हुई। ये अस्थायी स्थितियां हैं और स्टेशन का काम पूरा होने के बाद यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को नहीं दर्शाती हैं।
आरएलडीए ने छत, ड्रेनेज और पुराने फुट ओवर ब्रिज को हटाने का काम जल्द पूरा करने को प्राथमिकता दी है। करीब 90 प्रतिशत काम पूरा होने के साथ स्टेशन का नया स्वरूप अब साफ दिखाई देने लगा है। काम पूरा होने के बाद यात्रियों को बड़े स्टेशन भवन, विशाल एयर कॉनकोर्स, मौसम से सुरक्षा, आधुनिक प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर, बेहतर पहुंच और सुविधाजनक पार्किंग व आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
अभी हो रही परेशानी अस्थायी है, जबकि तैयार किया जा रहा आधुनिक स्टेशन आने वाले कई वर्षों तक यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा। आरएलडीए सुरक्षा, ट्रेनों का सुचारू संचालन और यात्रियों को कम से कम परेशानी सुनिश्चित करते हुए बाकी काम जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement