Bihar: 12th-grade student shot dead on her way to school in Samastipur, SIT formed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:29 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिहार : समस्तीपुर में स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या, एसआईटी गठित

khaskhabar.com: सोमवार, 20 जुलाई 2026 1:38 PM (IST)
बिहार : समस्तीपुर में स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या, एसआईटी गठित
समस्तीपुर । बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्कूल यूनिफॉर्म में घर से निकली छात्रा पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना वैनी थाना क्षेत्र के केजिया गांव की है। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका कस्तूरबा विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा थी। सोमवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान घर के समीप ही अज्ञात हमलावर ने उस पर गोलियां चला दीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक छात्रा के शरीर में तीन गोलियां लगीं, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इसकी आधिकारिक पुष्टि होगी। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल और डीआईओ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सदर-1 एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस इस घटना को बेहद जघन्य अपराध मानते हुए गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रा के परिजनों से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर एक संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसडीपीओ ने कहा कि घटना के कारणों को लेकर परिजनों ने कुछ अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस इन्हीं तथ्यों को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि गोली चलाने वालों की संख्या के संबंध में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है और यह अनुसंधान का विषय है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद गोली लगने की संख्या और अन्य चिकित्सकी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया जा रहा है और तकनीकी तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement