फगवाड़ा। एक तरफ फगवाड़ा में रात के समय नाईट डोमीनेशन के तहत पुलिस पैट्रोलिंग के दावे किए जा रहे है,दूसरी तरफ बेखौफ लुटेरे फगवाड़ा के जीटी रोड पर चाचोकी क्षेत्र में एक बैंक के एटीएम को तोड़ नकदी लूटने का प्रयास करते है। बेशक नकदी बच गई पर बैंक का पांच लाख का नुकसान हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है।
जीटी रोड पर पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा के साथ एटीएम लगा है। बीती रात लुटेरो ने एटीएम के शटर के ताले तोड़ कर एटीएम का काफी नुकसान कर दिया,पर तोड़ फोड़ के बावजूद भी नकदी तक पहुंचने में सफल नही हुए। जब यह वारदात हुई एटीएम में करीब डेढ़ लाख रुपए की नक्दी थी। बैंक से सूचना मिलने पर मौके पर सिर्फ एक थानेदार पहुंचा जो बैंक को मीडिया से परहेज रखने की सलाह देता रहा। बैंक प्रबंधक अवतार सिंह ने बताया कि पुलिस को लिखित में शिकायत कर दी है तथा उच्चाधिकारियों को भी सुचित कर दिया है। बैंक का करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है।