ajmer news : Students are the future of the country if they are safe, prosperous then the country will progress : union textiles minister smriti zubin irani-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Mar 29, 2024 8:03 pm
Location
Advertisement

विद्यार्थी देश का भविष्य हैं यदि वे सुरक्षित, समृद्ध हैं तो देश तरक्की करेगा : ईरानी

khaskhabar.com : गुरुवार, 20 सितम्बर 2018 9:13 PM (IST)
विद्यार्थी देश का भविष्य हैं यदि वे सुरक्षित, समृद्ध हैं तो देश तरक्की करेगा : ईरानी
अजमेर/जयपुर। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। यदि वे सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त हैं तो देश लगातार तरक्की करेगा। विद्यार्थी अपने सुनहरे भविष्य का संकल्प लें, सरकार उनके साथ है।

ईरानी ने गुरुवार को शिक्षा एवं राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी एवं निम्बार्क तीर्थ के पीठाधीश्वर श्यामशरण देवाचार्य श्री श्रीजी महाराज के साथ अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्थित 86 सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के करीब 4 हजार मेधावी विद्यार्थियों को मैडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचारों और नीतियों से पूरे देश को प्रभावित किया है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ ही समाज व देश के प्रति अपना दायित्व समझाने के लिए जो शिक्षा नीति अपनाई जा रही है, वह बेहद सकारात्मक है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्हें अपने सपनों को साकार करने और भविष्य संवारने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। यह मेधावी सम्मान उनकी प्रतिभा के प्रति एक पुरस्कार है। इसे निरंतर आगे बढ़ाते रहें। प्रतिभा और मां सरस्वती अपने आप को स्वयं सुशोभित कर लेती है। विद्यार्थी शिक्षा के प्रति अपना अभ्यास बनाए रखें।
ईरानी ने केन्द्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने देश, समाज व आम आदमी की समस्याओं को समझ और उसी के अनुरूप नीतियों का निर्माण किया। उज्ज्वला योजना, डिजिटल इण्डिया, मुद्रा योजना, स्वच्छ भारत अभियान और इसी तरह की अन्य योजनाओं ने जमीनी स्तर पर आम आदमी को सशक्त किया है। उन्होंने बालिकाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेटियों ने हर क्षेत्र में अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन किया है।

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान की शिक्षा ने पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान कायम की है। पांच साल पहले शिक्षा के क्षेत्र में हम देश में 26वें स्थान पर थे, लेकिन हमारे शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत के दम पर हमने कड़ी मेहनत की और आज हम दूसरे स्थान पर हैं। राजस्थान की शिक्षा में हमने युगानुकूल परिवर्तन किया है। डिजिटल शिक्षा के लिए जयपुर में 3 करोड़ की लागत से बनाया गया ई स्टूडियो मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि हमने सवा लाख शिक्षकों को पदोन्नति एवं एक लाख शिक्षकों को नई भर्ती के जरिए शिक्षा परिवार में शामिल किया है। आदर्श व उत्कृष्ट विद्यालय आज हर गांव में अपनी एक अलग छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने अजमेर शहर के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि 1947 करोड़ की स्मार्ट सिटी योजना, एलिवेटेड रोड, साइंस पार्क, आनासागर झील के चारों ओर 8.5 किलोमीटर का पाथवे, नगर वन उद्यान, सुभाष उद्यान, हैरिटेज फिल्म लाइब्रेरी एवं अकबर का किला सहित सड़क, पानी और बिजली के क्षेत्र में राज्य सरकार ने जो काम किया वह अभूतपूर्व है।




ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/3
Advertisement
Khaskhabar Rajasthan Facebook Page:
Advertisement
Advertisement