Advertisement
बिहार में 'अग्निपथ योजना' पर बवाल, ट्रेनें फूंकी, जिला भाजपा कार्यालय में लगाई आग, बाल-बाल बची भाजपा विधायक

जहानाबाद स्टेशन पर युवाओं ने प्रदर्शन किया। यहां युवाओं ने ट्रेनों के साथ स्टेशन के ठीक बगल से गुजरने वाले एनएच पर वाहनों का आवागमन भी बाधित किया। करीब ढाई घंटे के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर युवाओं को खदेड़ा। इधर, बक्सर और नवादा में भी हंगामा शुरू हुुआ। नवादा जिले में वारसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक अरुणा देवी की गाड़ी पर भी प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की। इस घटना में विधायक पूरी तरह सुरक्षित हैं। गुरुवार की सुबह बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर गए और आरा स्टेशन के पास पहुंचकर स्टेशन पर पथराव किया गया, जिससे रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में लूटपाट की।
छपरा रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन की बोगी में प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया। मुंगेर में भी छात्रों के प्रदर्शन की खबर है। इससे पहले बुधवार को भी बक्सर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय में भी विरोध हुआ था। छात्र सेना में चार साल की भर्ती वाली इस योजना से नाराज हैं। छात्रों का कहना है कि चार साल की नौकरी के बाद 25 प्रतिशत छात्रों को तो नौकरी मिल जाएगी, लेकिन 75 फीसदी लोग बेरोजगार हो जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि कई राज्यों ने पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को प्राथमिकता देने की घोषणा की है। कई विभागों ने भी इन लोगों की प्राथमिकता देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि सरकार ने सेना भर्ती में पुरानी प्रक्रिया को बदलते हुए अग्निपथ योजना की शुरूआत की है, जिसमें चार साल के लिए युवाओं की भर्ती होगी।
बाल-बाल बची भाजपा विधायक
भाजपा विधायक अरुणा देवी पर बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने हमला करने की कोशिश की, हालांकि वह बाल-बाल बच गई। घटना के वक्त विधायक गुरुवार को नवादा में रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रही थीं। अरुणा देवी एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जिला मुख्यालय, नवादा शहर जा रही थीं। जब उनकी कार नवादा रेलवे स्टेशन के रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंची तो बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने उन पर हमला कर दिया। उनके वाहनों पर पथराव किया। वह किसी तरह खुद को बचाने में सफल रही। हालांकि घटना में उनके ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


