AAP announces 3 candidates in Haryana-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 19, 2024 3:08 am
Location
Advertisement

AAP ने हरियाणा में 3 उम्मीदवार घोषित किए

khaskhabar.com : रविवार, 21 अप्रैल 2019 9:38 PM (IST)
AAP ने हरियाणा में 3 उम्मीदवार घोषित किए
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (APP) ने हरियाणा की तीन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हरियाणा में आप जननायक जनता पार्टी (JJP) के साथ गठबंधन में है।

आप नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आप हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से केवल तीन सीट पर चुनाव लड़ेगी। फरीदाबाद सीट से हरियाणा में आम आदमी पार्टी के प्रमुख नवीन जयहिंद, अंबाला से पूर्व पुलिस महानिदेशिक पृथ्वी राज और करनाल से वकील कृष्ण कुमार अग्रवाल चुनावी मैदान में होंगे।

बाकि बची सात सीटों पर जेजेपी अपने प्रत्याशी उतारेगी। 12 मई को होने वाले चुनाव के लिए जेजेपी ने गुरुवार को चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।

जेजेपी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के पोते दुष्यंत चौटाला हिसार लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

पार्टी ने निर्मल सिंह मल्हाड़ी को रोहतक, प्रदीप देसवाल को सिरसा और स्वाती यादव को भिवानी सीट से मैदान में उतारा है।

चौटाला ने रविवार को मीडिया से कहा कि बाकी बची सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी।

संवाददाताओं से बातचीत में गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा में दो रोड शो में भाग लेंगे।

इसके अलावा राय ने कांग्रेस पर दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में गठबंधन न करने और समय बर्बाद करने को लेकर निशाना साधा।

राय ने कहा कि कांग्रेस ने ऐसा जताया कि जैसे दिल्ली में गठबंधन न होने का कारण आम आदमी पार्टी थी।

उन्होंने आगे कहा, "हम दिल्ली में अपने उम्मीदवारों के नामांकन को टाल रहे थे, पर अब हमारे सात में से छह प्रत्याशी सोमवार को नामांकन-पत्र दाखिल करेंगे।"

आप के उम्मीदवारों में दिल्ली के चांदनी चौक से पंकज गुप्ता, उत्तर-पूर्व दिल्ली से दिलीप पांडे, पूर्वी दिल्ली से आतिशी, नई दिल्ली से ब्रजेश गोयल, उत्तर-पश्चिम दिल्ली से गगन सिंह और दक्षिण दिल्ली से राघवेंद्र चड्ढा शामिल हैं।

राय ने कहा, "आप कांग्रेस के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाएगी। दिल्ली में कोई भी एक सीट ऐसी नहीं है, जहां से कांग्रेस पार्टी जीत सकती है। हमने कांग्रेस के सीट बंटवारे की सारी शर्तो को मान लिया था, फिर उन्होंने ही बातचीत बंद कर दी।"

गौरतलब है कि जहां आम आदमी पार्टी दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में गठबंधन के लिए कह रही है, वहीं कांग्रेस सिर्फ दिल्ली में गठबंधन की बात कर रही है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar Haryana Facebook Page:
Advertisement
Advertisement