The success of Gadar-2 will not affect the jawan, comparison is meaningless: Trade analyst-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:51 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गदर-2 की सफलता से जवान पर नहीं पड़ेगा कोई असर, तुलना बेमानी है: ट्रेड विश्लेषक

khaskhabar.com: शनिवार, 19 अगस्त 2023 11:51 AM (IST)
गदर-2 की सफलता से जवान पर
नहीं पड़ेगा कोई असर, तुलना बेमानी है: ट्रेड विश्लेषक

गदर-2 की सफलता ने हिन्दी फिल्म उद्योग में नई जान फूंक दी है। पठान के बाद से लगातार असफलताओं का सामना कर रहा हिन्दी फिल्म उद्योग गदर-2 की सफलता से चैन की सांस ले रहा है। अब उसकी उम्मीदें 7 सितम्बर को प्रदर्शित होने वाली शाहरुख खान की फिल्म जवान पर टिकी हैं। हालांकि इस बीच अक्षय कुमार की फिल्म ओएमजी-2 की सफलता को लेकर कोई प्रतिक्रिया फिल्म उद्योग के विश्लेषकों द्वारा नहीं व्यक्त की जा रही है। इस फिल्म ने गदर-2 के साथ प्रदर्शित होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर अपनी माउथ पब्लिसिटी के बूते स्वयं को सफल बनाया है। ओएमजी-2 का विषय गदर-2 की तरह मास एंटरटेनमेंट वाला नहीं है। फिर भी इसने दर्शकों को आकर्षित किया है।

गदर-2 की सफलता के बाद जवान को लेकर फिल्म उद्योग के विश्लेषक खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। योजनाबद्ध तरीके से प्रचारित की जा रही जवान को लेकर दर्शकों में एक अलग ही उन्माद है। गदर 2 कुछ ही समय में ब्लॉकबस्टर बनकर उभरी है। प्रदर्शन के पहले दिन 40 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करके इस फिल्म सफलता का संकेत दिया था। अपने 8 दिन के सफर में इसने 300 करोड़ के आंकड़े को पार करने में जो तेजी दिखायी है वह उम्मीदों से परे जाकर है। सिने गलियारों में यह कहा जा रहा है कि गदर-2 की सफलता का असर शाहरुख खान की जवान पर पड़ेगा। हालांकि ऐसा होना मुमकिन नहीं है, क्योंकि जवान गदर-2 के 3 सप्ताह बाद प्रदर्शित होगी, तब तक गदर-2 का असर पूरी तरह से दर्शकों से खत्म हो चुका होगा। व्यापार विशेषज्ञ इस बात से असहमत हैं कि गदर 2 की लहर जवान को प्रभावित करेगी। पठान के बाद शाहरुख खान के लिए बहुत बड़ा क्रेज है और हम सभी जानते हैं कि उनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है।

ट्रेड दिग्गज तरण आदर्श का कहना है कि जवान अपने आप में पूरी तरह से सुरक्षित है, इसे कम करने नहीं आंक सकते हैं। पठान के बाद शाहरुख खान पूरी तरह से सजग और चौक्कने हैं। जवान को किसी भी तरह खारिज करने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा, 'जवान भी शानदार शुरुआत करेगी। शाहरुख जानते हैं कि अभी गदर 2 की बात ही होगी। वह इस स्तर पर अपनी फिल्म का प्रमोशन नहीं करना चाहेंगे।

ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन ने तरण आदर्श के विचारों से सहमत हैं। उनका कहना है कि हर फिल्म की अपनी नियति होती है। जवान गदर 2 के 4 हफ्ते बाद आएगी। जवान को लेकर एक अलग ही उम्मीद है। साथ ही, पठान के बाद शाहरुख खान के लिए जबरदस्त क्रेज है। और हम सभी जानते हैं कि उनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। इसके अलावा, दक्षिण के निर्देशकों, अभिनेताओं आदि का भी अपना प्रशंसक आधार है। अगर अनिरुद्ध किसी फिल्म में गाने बनाते हैं तो पोस्टर पर हमेशा 'एन अनिरुद्ध म्यूजिकल' का जिक्र होता है, वह भी मोटे अक्षरों में। वह दक्षिण में एक बड़ा आकर्षण हैं। एटली, नयनतारा और विजय सेतुपति के भी अपने-अपने अनुयायी हैं। फर्जी के बाद विजय सेतुपति हिंदी दर्शकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। तो, हर कोई देख व समझ सकता है कि जवान की सफलता निश्चित है।

निर्माता और फिल्म व्यवसाय विश्लेषक, गिरीश जौहर जवान और गदर-2 की तुलना को लेकर आश्चर्यचकित हैं। उनका कहना है कि गदर 2 देखते समय, क्या आप इसकी तुलना पठान से कर रहे थे? तो फिर गदर 2 और जवान की तुलना क्यों की जा रही है? यह मूर्खता है। जवान को रिलीज होने में 3 हफ्ते बचे हैं। जब तक यह रिलीज होगी, गदर 2 का प्रदर्शन समाप्त हो चुका होगा। जवान एक अलग फिल्म है। दर्शक निश्चित रूप से इसे सिनेमाघरों में देखना पसंद करेंगे जैसा कि उन्होंने पठान और गदर 2 के लिए किया था।

हालाँकि, उन्होंने यह भी कहा, मुझे लगता है कि जवान के गाने कमज़ोर रहे हैं। अब समय आ गया है कि हमें जवान से एक चार्टबस्टर गाना मिले, एक ऐसा गाना जो हर जगह बजता हुआ सुनाई दे। जैसा की पठान के साथ हुआ था। उसका गीत बेशर्म रंग जबरदस्त हिट हुआ था, मुझे उम्मीद है कि जवान के लिए भी ऐसा होगा।

इस बात पर विश्लेषक अतुल मोहन असहमत हैं। उनका कहना है कि जवान का संगीत ख़राब नहीं है। यदि आप मुझसे पूछें, तो मैं हिट गीत को अंत में, रिलीज़ से ठीक पहले रिलीज़ करना पसंद करूँगा। औसत गानों को विकसित होने में समय लगता है। उनको पहले छोड़ देना चाहिए। लोग अब जवान के 'जिंदा बंदा' को पसंद करने लगे हैं।

जयपुर में एंटरटेनमेंट पैराडाइज़ के मालिक राज बंसल जवान की सफलता को लेकर पूरी तरह से आशान्वित नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि जवान बहुत अच्छी शुरुआत करेगी। यह बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 50-55 करोड़ का कारोबार करने में सफल होगी। उसके बाद की सफलता फिल्म की कहानी, प्रस्तुतीकरण और दर्शकों की पसन्द पर निर्भर करेगा। यह मान लेना हास्यास्पद है कि गदर-2 की सफलता से जवान प्रभावित होगी। मैं इससे बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं। हाँ अगर जवान गदर 2 के एक हफ्ते बाद आती तो जवान पर असर पड़ता।

बॉक्स ऑफिस विश्लेषक इस बात से बहुत खुश हैं कि आने वाले समय में भी लगातार रोमांचक फिल्मों का प्रदर्शन होने वाला है। एक अरसे बाद हर सप्ताह फिल्म देखने वाले दर्शकों को अपनी भूख शांत करने के लिए मसाला मिल रहा है। यह हिन्दी सिनेमा के लिए उत्साहजनक संकेत हैं। महामारी के बाद से हम यही चाहते थे।

गौरतलब है कि आने वाले महीनों में बॉक्स ऑफिस पर जवान, सालार-1 द सीज फायर, टाइगर-3, डंकी, पुष्पा-2 जैसी फिल्में आने वाली हैं जिनको लेकर अभी से दर्शकों में जबरदस्त क्रेज नजर आ रहा है। दर्शक इन फिल्मों की चर्चा आपसी बातचीत में कर रहा है और यह भी कह रहा है कि उन्हें यह फिल्में सिनेमाघरों में देखनी हैं।

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement