1000 सिनेमाघरों में फिर प्रदर्शित हुई बाहुबली, दर्शकों का रूझान कम
khaskhabar.com: शुक्रवार, 07 अप्रैल 2017 09:21 AM (IST)
अप्रैल 28 को पिछले दो साल से बहुचर्चित फिल्म बाहुबली: द कन्क्लूजन का प्रदर्शन होने जा रहा है। इस फिल्म के प्रदर्शन से पूर्व इसके निर्माता इसकी पहली कडी ‘बाहुबली’ को एक बार फिर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया है। शुक्रवार 7 अप्रैल को यह फिल्म देशभर के चुनिंदा मल्टीप्लेक्स व एकल सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई है। इस फिल्म को फिर से सिनेमाघरों में लगाने का निर्णय इसलिए किया गया है जिससे दर्शक एक बार फिर से अपने आप को इससे जोड सकें और जब दूसरा भाग प्रदर्शित हो तब वे इसे आसानी से समझ सकें। इसके साथ ही दूसरे भाग के प्रति दर्शकों की जिज्ञासा को बरकरार रखा जा सके। भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्म ‘बाहुबली’ के पहले भाग के अंत में एक सवाल था—कटप्पा ने ‘बाहुबली’ को क्यों मारा। इस सवाल का जवाब जानने के लिए दुनिया भर के दर्शक ‘बाहुबली’ के दूसरे भाग का इन्तजार बेसब्री से कर रहे हैं।