Ammy Virk: Ranveer Singh is like my bada bhai-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:56 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रणवीर सिंह मेरे बड़े भाई जैसे : एमी विर्क

khaskhabar.com: बुधवार, 12 फ़रवरी 2020 5:31 PM (IST)
रणवीर सिंह मेरे बड़े भाई जैसे : एमी विर्क
मुंबई। पंजाबी अभिनेता व गायक एमी विर्क, रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म '83' से बॉलीवुड में कदम रखने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह फिल्म साल 1983 के क्रिकेट विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर आधारित है। एमी के लिए इस फिल्म को साइन करना किसी सपने के सच होने जैसा है। कबीर सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में एमी मध्यम गति के गेंदबाज बलविंदर सिंह संधू की भूमिका निभा रहे हैं। '83' के अलावा वह एक और आगामी हिंदी फिल्म 'भुज : द प्राइड ऑफ इंडिया' में नजर आएंगे। यह देशभक्ति फिल्म साल 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। एमी ने आईएएनएस को बताया, "मैं वाकई में इन दो फिल्मों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। बचपन से बॉलीवुड में काम करने का और ऐसी प्रभावशाली कहानियों का हिस्सा बनने का मेरा सपना रहा है। अब पूरा भारत मेरे अभिनय कौशल को बड़े पर्दे पर देखेगा।" एमी ने फिल्म '83' में रणवीर सिंह संग काम करने के अपने अनुभव भी साझा किए।
उन्होंने कहा, "रणवीर पाजी संग काम करने का अनुभव शानदार रहा। वह मेरे 'बड़े भाई' जैसे हैं। वह एक बहुत बड़े सुपरस्टार हैं। हर कोई उनका प्रशंसक है, लेकिन उन्होंने सामने से कभी इस बात का एहसास नहीं होने दिया। वह अपने छोटे भाइयों की तरह हमारी देखभाल करते थे।"
'83' में रणवीर, कपिल देव की भूमिका में हैं, जो उस वक्त भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान थे। यह फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होगी।
अपनी बॉलीवुड परियोजनाओं के अलावा, एमी की झोली में कुछ पंजाबी फिल्में भी हैं। वह फिलहाल 'सूफना' के प्रचार में व्यस्त हैं जो वैलेंटाइन डे को रिलीज होगी। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement