कोलंबो। श्रीलंका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर थिसारा परेरा ने दाएं हाथ के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा की पत्नी के साथ सोशल मीडिया पर हुई बहसबाजी के बाद इस मामले में श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) से हस्तक्षेप का आग्रह किया है। वेबसाइट ईएसपीएन की रिपोर्ट के अनुसार, थिसारा ने कहा कि ऐसी बहसबाजी से श्रीलंका टीम पूरे देश के लिए मजाक बनकर रह गई है। इसके अलावा, उन्होंने एसएलसी के साथ इसके अलावा श्रीलंका की वनडे टीम के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए हैं। उल्लेखनीय है कि इस माह की शुरुआत में श्रीलंका की वनडे और टी20 टीम के कप्तान मलिंगा की पत्नी तान्या परेरा ने सोशल मीडिया के जरिए थिसारा पर आरोप लगाया था कि राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए वे देश के नए खेल मंत्री से मिले थे। इस पर अपने बचाव के लिए थिसारा ने फेसबुक का सहारा लिया और 2018 में अपने बेहतरीन वनडे रिकॉर्ड को भी बताया। इसके कुछ सप्ताह बाद थिसारा ने कहा कि उन पर आरोप लगाया और इसी के खिलाफ कदम उठाते हुए उन्होंने एसएलसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एश्ले डी सिल्वा को पत्र लिखा है। इस पत्र में थिसारा ने लिखा कि जब इस प्रकार की टिप्पणी टीम के कप्तान की पत्नी द्वारा सोशल मीडिया पर की जाती हैं, तो ऐसे में आम जनता को उस बात पर विश्वास न करने से रोकना मुश्किल है। इस फेसबुक पोस्ट के बाद टीम के ड्रेसिंग रूम में भी अन्य खिलाडिय़ों का व्यवहार बदला हुआ है। जब दो वरिष्ठ खिलाडिय़ों के बीच मतभेद होता है, तो युवा खिलाडिय़ों के लिए माहौल अच्छा नहीं होता।