पर्थ। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यहां रविवार को चार मैच की सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल जारी है। चायकाल के बाद अंतिम समाचार मिलने तक ऑस्ट्रेलिया के दूसरी पारी में 48 ओवर में 132/4 रन हो गए थे। मोहम्मद शमी ने 2 और ईशांत शर्मा व जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट लिया है। इससे पहले भारत की पहली पारी 105.5 ओवर में 283 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 43 रन की बढ़त मिली।आज आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (51), हनुमा विहारी (20), कप्तान विराट कोहली (123), मोहम्मद शमी (0), ईशांत शर्मा (1), विकेटकीपर ऋषभ पंत (36) व जसप्रीत बुमराह (4) हैं। उमेश यादव 4 रन पर नाबाद लौटे। ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने 5, पैट कमिंस व जोश हैजलवुड ने 2-2 और मिशेल स्टार्क ने 1 विकेट लिया। भारत ने सुबह अपनी पारी 172/3 रन से आगे शुरू की। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे।