Looks like you've blocked notifications!

बाल विवाह मुक्त जिला बनाने को लेकर कार्यशाला आयोजित

टोड़ारायसिंह। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय परिसर में तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त जिला बनाने को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। सचिव बृजमोहन शर्मा ने बताया कि तालुका विधिक सेवा समिति अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टोडारायसिंह अनुभासिंह के निर्देशानुसार पीएलवी रामनिवास कुम्हार द्वारा कस्बे की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मीटिंग के दौरान उपस्थितगण को बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नालसा (आशा जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्यवाही) मानक संचालन प्रकिया बाल विवाह से मुक्ति की ओर अग्रसर योजना प्रारम्भ की गई। जिसका उद्देश्य भारत को बाल विवाह मुक्त राष्ट्र बनाना है। यह अभियान नालसा द्वारा 100 दिवसीय के लिए चलाया गया, जिसका उद्देश्य विभिन्न समुदायों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करना है। पैरालिगल वॉलियेन्टयर ने बताया कि बाल विवाह के कारण बच्चों की पढ़ाई, कम उम्र में गर्भावस्था के कारण मातृ स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा जैसी समस्याएं पैदा होती है तथा साथ ही शोषण एवं बाल श्रम का सामना करना पड़ता है। इसलिए बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा ही नहीं है, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन भी है। मीटिंग के दौरान पैरालिगल वॉलियेन्टर द्वारा नालसा एवं रालसा द्वारा संचालित विभन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय अभियान’ नयी चेतना’ 4.0 प्रारम्भ किया गया है, जिसका उद्देश्य महिलाओ के खिलाफ लिंग आधारित हिंसा का उन्मूलन करना है। ताकि समाज में लिंग भेदाभाव समाप्त हो सके तथा सभी को समान अधिकार प्राप्त हो सके। महिलाओं सहित किसी भी नागरिकों के अधिकारों का हनन होने पर नालंसा हैल्पलाईन 15100 पर सूचित कर नि:शुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। पीएलवी द्वारा बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नशा, मुक्त भारत के लिए नशामुक्ति जागरूकता और कल्याण नेविगेशन के लिए नालसा डाउन योजना संचालित की जा रही है। जिसके तहत पीडि़तों की पहचान करना, उनके उपचार में मदद करना और नशा मुक्ति के बाद समाज में उनके पुनर्वास के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना। पीएलवी ने बताया परिवार में किसी व्यक्ति द्वारा नशा करने पर पारिवारिक संबंधों पर दुष्प्रभाव पड़ता, आर्थिक बोझ भी बढ़ता है, अपराधों में वृद्धि होती है तथा सामाजिक अलगाव एवं कलंक पैदा होते है। रामनिवास कुम्हार ने उपस्थित समस्त आगंनबाडी कार्यकताओं को उनके क्षेत्र में किसी भी नागरिक वो चाहे महिला हो या पुरुष, व्यस्क हो या बच्चा के अधिकारों के हनन होने पर अथवा उसके अधिकारों के हनन होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अथवा तालुका विधिक सेवा समिति अथवा नालसा हैल्पलाईन नम्बर पर सम्पर्क करने के लिए बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Share this article