धर्मशाला। महिला ने अपने तीन साल के बेटे के साथ पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के कांगड़ा जिले के इंदौरा में पड़ते गांव डाह कुलाड़ा में पानी के टैंक से मां-बेटे के शव मिले हैं। जमीन में बने इस पानी के टैंक से सपना (28 साल) पत्नी अंकुश और बेटा अंगद (03) का शव बरामद किया गया है। घर के लोगों ने जब टैंक का ढक्कन खोला तो भीतर मां-बेटे के शव पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। डीएसपी डॉ. साहिल अरोड़ा और एसडीएम गौरव महाजन मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।