टोंक। ब्रह्म परशुराम अखाड़ा द्वारा आयोजित परशुराम रथयात्रा को लेकर मंगलवार को बावड़ी वाले बालाजी के मंदिर पर सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महाआरती कर विशाल वाहन रैली निकाली। वाहन रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता बाइकों पर भगवा दुपट्टे बांधकर एवं ध्वज पताकाएं लेकर भगवान परशुराम के जयकारों के साथ चल रहे थे। इस दौरान बस स्टैंड, अहिंसा सर्किल एवं झिलाय रोड सहित कई स्थानों पर जाम लगने से पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। रथ यात्रा वन विभाग चौकी, वेयर हाउस, बस स्टैंड, अहिंसा सर्किल, पंचायत समिति, शिवाजी पार्क मोड़ एवं सिंधी कॉलोनी होते हुए सनाढ्य ब्राह्मण धर्मशाला पहुंची। वहां आचार्य राज राजेश्वर, शहर अध्यक्ष रामअवतार घाटी, जिला उपाध्यक्ष रमाकांत शर्मा एवं जिला संरक्षक पंडित मधूसुदन शर्मा ने भगवान परशुराम की पूजा की। इस दौरान सभा का आयोजन किया गया, जिसमें आचार्य राजेश्वर ने कहा कि समाज की एकता से ही समाज मजबूत होगा एवं समाज का विकास होगा। उन्होंने कहा कि समाज से बढकऱ कोई नही है।