Looks like you've blocked notifications!

आखिर क्यों विफल है भाजपा की मुस्लिम नीति

प्रश्न यह है कि भारत के मुस्लिम चाहते क्या हैं? जब इस प्रश्न का जवाब मिलेगा तो समझ में आएगा कि भारतीय जनता पार्टी को मुस्लिमों को लेकर अपनी क्या नीति रखनी है? यह सच है कि भारत में जातिगत ताने बाने को लेकर समाज के बड़े वर्ग में अगड़े पिछड़े का भाव तीव्रता से उभरा है। जो वर्ग पिछड़े रह गए उनको समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए भारत के संविधान में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसका लाभ भी उन लोगों को मिल रहा है और अब तो यह बात भी शुरू हो गई है कि जिन लोगों ने आरक्षण का लाभ ले लिया है, वे आरक्षण का त्याग करें। जिनसे उनके समाज के किसी अन्य व्यक्ति को लाभ मिल सके। याद रखना चाहिए कि यह व्यवस्था हिन्दू समाज के लिए ही की गई थी। लेकिन, कालांतर में वंचित, शोषितों और पिछड़े वर्ग में धर्मातंरित मुसलमानों और इसाईयों को भी शामिल कर लिया। जो लोग जातिगत भेदभाव के कारण हिन्दू समाज ही छोड़ गए और इस्लाम या इसाईयत इसलिए अपना ली कि उन्हें वहां किसी भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा, उनको अब आरक्षण दिए जाने की मांग क्यों उठ रही है? यदि इन दोनो वर्गों के अनुयायियों को आरक्षण नहीं चाहिए तो वे सामने आकर यह क्यों नहीं कहते कि उनके धर्मांतरित धर्म में उन्हें समानता का अधिकार और अवसर दोनों मिले हुए हैं, इसलिए उन्हें आरक्षण नहीं चाहिए। जो इस्लामी विद्वान यह मानते हैं कि अंतिम रियासत बहादुर शाह जफर की थी और अंग्रेजों ने उससे भारत का राज छीना, वो ये मानने को क्यों तैयार नहीं हैं कि मुगल शासकों के दौर में ही भारत में हिन्दुओं विशेषकर कमजोर और गरीब हिन्दुओं पर अंसख्य अत्याचार हुए। हिन्दू रहने के लिए उन्हें जजिया कर देना पड़ता था। हिन्दुओं पर हुए अत्याचारों के कारण लाखों हिन्दुओं ने धर्म परिवर्तन किया। आज जो हिंदू पिछड़ा और दलित है वो मुस्लिम शासकों की वजह से ही है। जो मुस्लिम शासन भारत भूमि और हिन्दू समाज का शोषणकर्ता रहा है, वो सबसे पिछड़ा और निरीह होने का दावा किस प्रकार कर सकता है? हां, यह बात जरूर है कि जिन लोगों ने प्राणों की रक्षा के लिए धर्मातंरण किया था, उनके हालात इस्लाम ग्रहण करने के बाद भी नहीं बदले। बल्कि वो अधिक कुंठाग्रस्त हो गए, उनको अब भी सपना दिखाया जा रहा है कि जिस दिन देश में संविधान की जगह शरिया लागू हो जाएगा, उस दिन सब अच्छा हो जाएगा। क्या वास्तव में? यह 18 प्रतिशत मुसलमान ही भारत के राजनीतिक दलों के लिए वो लड्डू है, जिसको लेकर हर राजनीतिक दल अपनी राजनीति निर्धारित करता है। मुस्लिम तुष्टिकरण को लेकर देश में लंबी बहस चलती रही है और अब भी चल रही है। जिसमें यह कहा जा रहा है कि भाजपा सरकारों ने मुसलमानों के लिए हर वो काम किया है, जिसे लेकर वो अन्य राजनीतिक दलों पर प्रश्न चिन्ह लगाया करती थी। ताजा उदाहरण महाराष्ट्र सरकार द्वारा वक्फ बोर्ड को दस करोड़ रूपए दिए जाने को लेकर है। जिसके कारण महाराष्ट्र सरकार को हिन्दू संगठनों की कड़ी निंदा झेलनी पड़ रही है। वक्फ बोर्ड को आर्थिक मदद उस समय की गई है जब पूरे देश में कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए इस वक्फ बोर्ड की वैधानिकता और कार्यशैली पर ही सवाल उठ रहे हैं। देश का बड़ा वर्ग तो इस वक्फ बोर्ड को ही समाप्त कर देने की मांग कर रहा है। उसका मानना है कि यह बोर्ड और कुछ नहीं भारत के इस्लामी करण की दिशा में उठाया गया एक कानूनी कदम है। वक्फ बोर्ड ने अपनी कार्यशैली से इस आरोप को पुष्ट ही किया है। केन्द्र में भाजपा सरकार द्वारा लागू की गई बड़ी योजनाओं का मुस्लिम मतदाताओं को सीधा लाभ मिला। इस बात से कोई भी इंकार नहीं कर सकता। गरीब और वंचित लोगों को हर माह राशन, गैस कनेक्शन, आवास के साथ साथ स्वास्थ्य योजनाओं का भी भरपूर लाभ मिला। लेकिन, जब मतगणना हुई तो यह स्पष्ट हुआ कि मुस्लिम मतदाता भाजपा को स्वीकार नहीं कर रहे। आपसी बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भले ही तारीफ कर दें। परंतु वे एक शासक के रूप में उन्हें अस्वीकार ही करते हैं। इस परिणाम से यह भी ध्वनि निकलती है कि मुस्लिम मतदाता को ना आवास चाहिए, ना शिक्षा, ना गैस सिलेण्डर और ना ही अच्छा स्वास्थ्य। उन्हें कश्मीर से धारा 370 हटना, अयोध्या में राम मंदिर का बनना और उनके पर्सनल लॉ में दखल देना पसंद नहीं आया। तो, अब मुस्लिम मतदाताओं ने साफ-साफ यह बता दिया है कि उनकी प्राथमिकता क्या है? अब प्रश्न भाजपा पर है कि वो मुस्लिमों की प्रति अपनी नीति को किस प्रकार बदलाव करती है, क्या भाजपा सरकार इन दो बड़े सहयोगियों के साथ मिलकर ऐसी किसी कार्य योजना को धरातल पर उतार पाएगी जिसमे मुस्लिम मतदाता वोट देने से पहले इस्लाम की बजाय देश को पहले रखें।
Share this article