लालसोट। पंचायत समिति लालसोट क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ उपशाखा लालसोट ने विकास अधिकारी बाबूलाल मीणा को ज्ञापन दे कर आवश्यक मार्गदर्शन व कार्यवाही की मांग की है।संघ के अध्यक्ष मुकेश मीणा, फरियाद अली दीपक सैनी राजवीर अटल सहित अन्यपदाधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत घर-घर सफाई कार्य के लिए जारी टेंडर की अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है। अब वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई निविदाएं जारी की जानी हैं, लेकिन कई तकनीकी व प्रशासनिक समस्याओं के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।पत्र में बताया गया कि नए वित्तीय वर्ष का वार्षिक प्लान अभी तक ऑनलाइन अपलोड नहीं हुआ है, जिससे स्वीकृति जारी करने और भुगतान करने में परेशानी आ रही है। साथ ही ग्राम पंचायतों के पास राज्य वित्त आयोग (षष्ठम/15वां) की पर्याप्त अवशेष राशि उपलब्ध नहीं है, जिससे नई निविदा प्रक्रिया शुरू करना मुश्किल हो रहा है।इसके अलावा यह भी स्पष्ट नहीं है कि सफाई कार्य की स्वीकृति अब किस योजना के तहत जारी की जाएगी, क्योंकि पूर्व वित्त आयोग की समयावधि समाप्त हो चुकी है। वहीं, सप्तम/16वें वित्त आयोग की योजनाएं अभी तक ई-पंचायत व ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर मैप नहीं हुई हैं और न ही इनकी राशि प्राप्त हुई है।संघ ने यह भी प्रश्न उठाया है कि नई स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक नियमित सफाई कार्य कैसे कराया जाए और उसका भुगतान किस प्रकार किया जाए।ग्राम विकास अधिकारियों ने विकास अधिकारी से इन सभी बिंदुओं पर शीघ्र स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रह सके।