जयपुर। राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) ने महत्वपूर्ण फैसले में यूनिक मधुबन होम्स प्राइवेट लिमिटेड, लक्ष्मी मंदिर चौराहा, टोंक रोड जयपुर को आदेश दिया है कि वह खरीदार मोहम्मद आसिम खान को उनकी जमा की गई पूरी रकम 11.10% ब्याज के साथ वापस लौटाए। यह मामला कंपनी के 'यूनिक सिटी फेज II' प्रोजेक्ट से जुड़ा है, जो पहले से ही रेरा में पंजीकृत है। मामले के अनुसार, जयपुर में अमृतपुरी घाटगेट पर रहने वाले मोहम्मद आसिम खान ने इस प्रोजेक्ट में विला नंबर ई-44 बुक किया था और 5 मई 2014 को इसके लिए एग्रीमेंट भी हुआ था। विला की कुल कीमत 55 लाख रुपये थी, जिसमें से खान ने 48,61,390 रुपये बिल्डर को दे दिए थे। एग्रीमेंट के मुताबिक, उन्हें मई 2020 तक विला का कब्जा मिल जाना चाहिए था, लेकिन बिल्डर ने ऐसा नहीं किया। इससे परेशान होकर खान ने रेरा में शिकायत दर्ज कराई और अपनी जमा राशि ब्याज सहित वापस मांगी। जवाब में बिल्डर ने कहा कि खान ने अपनी मर्जी से विला खरीदा था, जिसकी कुल कीमत 56 लाख रुपये तय हुई थी और उन्होंने 48,29,348 रुपये दिए थे। बिल्डर ने दावा किया कि प्रोजेक्ट 31 जनवरी 2020 तक पूरा होना था, लेकिन कोविड-19 और बजरी बैन जैसी कई दिक्कतों के चलते इसमें देरी हुई। रेरा ने भी प्रोजेक्ट को 31 जनवरी 2025 तक का एक्सटेंशन दिया था और अब 96% काम पूरा हो चुका है। बिल्डर ने यह भी कहा कि खान ने बाकी पैसे नहीं दिए और कब्जा लेने में भी देरी की, इसलिए उनकी शिकायत खारिज की जानी चाहिए।सुनवाई के दौरान खान के वकील ने कहा कि एग्रीमेंट के अनुसार मई 2020 में कब्जा मिलना था और बिल्डर को अभी तक प्रोजेक्ट का कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं मिला है। प्रोजेक्ट का रजिस्ट्रेशन भी लैप्स हो चुका है, एक्सटेंशन मिलने के बावजूद। वकील ने यह भी कहा कि खान ने समय पर पैसे दिए थे और अगर प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ है तो यह उनकी गलती नहीं है। भले ही विला लगभग तैयार हो, लेकिन पूरा प्रोजेक्ट अभी भी अधूरा है, इसलिए खान को ब्याज सहित रिफंड मिलना चाहिए। बिल्डर के वकील ने माना कि विला के अलॉटमेंट, कीमत और जमा राशि को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट 96% पूरा हो गया है और वे खान को कब्जा देने के लिए तैयार हैं। चूंकि जमा राशि प्रोजेक्ट में लगाई गई है, इसलिए रिफंड नहीं दिया जाना चाहिए।
रेरा ने मामले की पड़ताल की और पाया कि प्रोजेक्ट एक्सटेंशन मिलने के बाद भी लेट है और अब 'लैप्स्ड' कैटेगरी में है। बिल्डर यह भी नहीं बता सका कि प्रोजेक्ट कब पूरा होगा और कब कंप्लीशन या ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट मिलेगा। रेरा ने कहा कि खान को अब और इंतजार करने के लिए नहीं कहा जा सकता, खासकर जब उन्होंने पहली पेमेंट 2013 में की थी।
इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, रेरा सदस्य सुधीर कुमार शर्मा ने बिल्डर को आदेश दिया कि वह खान द्वारा जमा की गई पूरी राशि पर 11.10% की दर से ब्याज दे। यह ब्याज हर जमा की तारीख से जोड़ा जाएगा और रिफंड आदेश जारी होने के 45 दिनों के भीतर करना होगा।