नई दिल्ली। मोदी सरकार से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) छोडऩे वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) अब महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं यानी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) का हिस्सा बन सकते हैं। सूत्रों की माने तो इसका ऐलान खुद कुशवाहा आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर सकते हैं। इस मौके पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) संस्थापक जीतन राम मांझी और कांग्रेस नेता मौजूद रह सकते हैं। विपक्षी नेता शरद यादव भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हो सकते हैं।राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि उनकी पार्टी और यूपीए घटक दलों के बीच बातचीत लगभग तय हो गई है और यूपीए में शामिल होने का ऐलान कुशवाहा गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर सकते हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कुशवाहा के बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) छोडऩे के बाद उनसे मुलाकात की थी। यूपीए का मानना है कि उससे हाथ मिलाने का कुशवाहा का फैसला उसे बिहार में एनडीए के खिलाफ माहौल बनाने में मदद करेगा।